सागर में एसडीएम की संवेदनशीलता ने जीता दिल जनसुनवाई के दौरान जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद
सागर। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान दोपहर 12 बजे एक भावुक और मानवीय दृश्य देखने को मिला। दोनों पैरों से दिव्यांग अपनी समस्या लेकर जनसुनवाई में पहुंचा। उसे देखकर एसडीएम अमन मिश्रा अपनी कुर्सी से उठे और उसके पास जमीन पर बैठकर उसकी पूरी बात गंभीरता से सुनी।
दिव्यांग ने अपना नाम अनिल कुमार लहरवानी निवासी संत कंवरराम वार्ड बताया। उसने बताया कि उसे 13 सितंबर 2024 को मोटर ट्राइसाइकिल मिली थी, जो अब पूरी तरह खराब हो गई है। पिछले 15 दिनों से वह एक ही जगह पर रहने को मजबूर है और कहीं आ-जा नहीं पा रहा, जिससे उसे काफी परेशानी हो रही है।
एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर संबंधित अधिकारियों को बुलाया। अधिकारियों ने बताया कि हाथ से चलने वाली ट्राइसाइकिल 5 साल में और मोटर ट्राइसाइकिल 22 साल में एक बार दिए जाने का प्रावधान है।
इस पर एसडीएम ने तत्काल मोटर ट्राइसाइकिल सुधारने के निर्देश दिए और साथ ही अस्थायी रूप से हाथ से चलने वाली ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। जनसुनवाई में यह संवेदनशील पहल चर्चा का विषय बनी रही और लोगों ने एसडीएम के इस व्यवहार की सराहना की।








