सागर : भूसा खरीदी बंद होते ही भड़के किसान, हाईवे पर ट्रालियां लगाकर किया चक्काजाम
सागर/खुरई। भूसा खरीदी बंद किए जाने से नाराज किसानों ने बुधवार को नेशनल हाईवे खुरई-सागर रोड पर चक्काजाम कर दिया। किसानों ने भूसे से लदी ट्रालियों को सड़क पर खड़ा कर आवागमन रोक दिया, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। यह स्थिति खुरई के सागर रोड स्थित आचार्य विद्यासागर तिराहा के पास बनी रही।
जानकारी के अनुसार, भूसा मंडियों से उड़ने वाली धूल के कारण आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैलने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए एसडीएम मनोज चौरसिया ने भूसा व्यापारियों को नोटिस जारी कर या तो खरीदी बंद करने या फिर भूसे को ढककर खरीदी करने के निर्देश दिए थे, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।
एसडीएम के आदेश के बाद व्यापारियों ने भूसा खरीदना बंद कर दिया। हालांकि, इस निर्णय की जानकारी अधिकांश किसानों तक नहीं पहुंच पाई। बुधवार को भी रोज की तरह बड़ी संख्या में किसान ट्रालियों में भूसा भरकर बेचने के लिए मंडी पहुंच गए। जब उन्हें खरीदी बंद होने की जानकारी मिली तो वे नाराज हो गए।
आक्रोशित किसानों ने तुरंत विरोध जताते हुए हाईवे पर ट्रालियां खड़ी कर दीं और चक्काजाम शुरू कर दिया। इस वजह से सागर-बीना नेशनल हाईवे पूरी तरह ठप हो गया। तिराहे के तीनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही शहरी थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर स्थिति को संभालने की कोशिश की। इसी दौरान भूसा व्यापारियों ने एसडीएम से फोन पर संपर्क किया।
बातचीत के बाद एसडीएम ने फिलहाल भूसा खरीदी जारी रखने के निर्देश दिए। इसके बाद व्यापारियों ने फिर से खरीदी शुरू कर दी, जिससे किसानों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने जाम खत्म कर रास्ता खोल दिया।








