गांव में आवारा कुत्ते का हमला, 5 लोग घायल, सीसीटीवी में कैद हुई घटना,घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
महू तहसील के किशनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम केवटी में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आक्रामक आवारा कुत्ते ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस हमले में पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, यह कुत्ता गांव पहुंचने से पहले रास्ते में भी कई लोगों को काटता हुआ आया था। केवटी पहुंचते ही उसने घर के बाहर बैठे लोगों को निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुत्ता अचानक झपटकर एक युवक की गर्दन तक जा पहुंचा और उसे बुरी तरह घायल कर दिया। इसके बाद उसने वहीं बैठे दूसरे युवक के पैर पर हमला किया।
जब आसपास मौजूद लोगों ने बचाव करने की कोशिश की, तो कुत्ता और ज्यादा आक्रामक हो गया। ग्रामीणों ने उसे भगाने और काबू में करने के लिए डंडों से मारने की कोशिश भी की, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार लोगों पर हमला करता रहा। इस दौरान मौके पर हड़कंप की स्थिति बन गई।
हमले में फारूक, अरमान, शाकिर और मालिक पटेल समेत कुल पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए मध्य भारत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कुत्ता महू से केवटी तक कई लोगों को काटते हुए आया था। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए जल्द कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
गांव में आवारा कुत्ते का हमला, 5 लोग घायल, सीसीटीवी में कैद हुई घटना,घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
गांव में आवारा कुत्ते का ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







