MP : रेलवे का बड़ा काम, यात्रियों की बढ़ी परेशानी : अप्रैल में कई ट्रेनें रद्द
ग्वालियर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले गोंदिया स्टेशन पर यात्रियों को अगले कुछ दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर स्थित लाइन नंबर 5 के वाशेबल एप्रन को हटाकर उसे बैलेस्टेड ट्रैक में बदलने का काम शुरू किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य के चलते यहां लगभग 20 दिनों तक ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस तकनीकी काम के लिए ट्रैक को पूरी तरह बंद रखना जरूरी है, ताकि निर्माण कार्य सुरक्षित और तय समय में पूरा किया जा सके। यही वजह है कि कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
इस अवधि में ट्रेन नंबर 18237-18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 5 अप्रैल से 27 अप्रैल तक पूरी तरह रद्द रहेगी। इसके अलावा ट्रेन नंबर 12409 रायगढ़-हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस 6, 8, 9, 10, 11, 13, 15 से 18, 20 और 22 से 24 अप्रैल तक नहीं चलेगी। वहीं ट्रेन नंबर 12410 हजरत निजामुद्दीन-रायगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस 6 से 9 अप्रैल, 11 अप्रैल, 13 से 16 अप्रैल, 18 अप्रैल और 20 से 22 अप्रैल तक रद्द रहेगी।
इसी तरह विशाखापत्तनम-हजरत निजामुद्दीन समता एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12807) भी 5 अप्रैल, 7 से 9 अप्रैल, 11, 12, 14 से 16 अप्रैल, 18, 19 और 21 से 23 अप्रैल तक नहीं चलेगी। इसके विपरीत दिशा में चलने वाली ट्रेन नंबर 12808 हजरत निजामुद्दीन-विशाखापत्तनम समता एक्सप्रेस 7 अप्रैल, 9 से 11 अप्रैल, 13, 14, 16 से 18 अप्रैल, 20, 21 और 23 से 25 अप्रैल तक रद्द रहेगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर जांच लें और वैकल्पिक व्यवस्था के साथ ही यात्रा की योजना बनाएं। यह कार्य पूरा होने के बाद ट्रैक की गुणवत्ता में सुधार होगा, जिससे भविष्य में ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और सुचारु हो सकेगा।








