अस्पताल के पास शराब दुकान का विरोध, बीना-खुरई हाईवे पर चक्काजाम और पथराव
मिशन अस्पताल के नजदीक दुकान शिफ्ट होने से भड़के लोग, पुलिस ने समझाइश देकर खुलवाया जाम
खुरई। बीना रोड पर नई शराब दुकान शुरू होते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्डवासियों ने विरोध जताते हुए बीना-खुरई नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि दुकान को आबादी वाले इलाके से हटाया जाए। इसी मांग को लेकर उन्होंने सड़क जाम कर दी। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाइश के बाद स्थिति को नियंत्रित करते हुए जाम खुलवाया।
बताया जा रहा है कि यह शराब दुकान पहले तलैया नाका क्षेत्र में संचालित हो रही थी, जहां पिछले एक महीने से इसका लगातार विरोध चल रहा था। इसके बाद विधायक भूपेंद्र सिंह के हस्तक्षेप पर दो दिन पहले ही दुकान को वहां से हटाकर बीना रोड स्थित मिशन अस्पताल के पास स्थानांतरित किया गया था।
मंगलवार सुबह जैसे ही दुकान खुली, आसपास के लोग फिर से विरोध के लिए सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन में शामिल मिशन अस्पताल के कर्मचारी और वार्डवासी बोले कि अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में कर्मचारी अपने परिवार के साथ रहते हैं। इसके अलावा आसपास स्कूल और कॉलेज भी हैं, जिससे छात्रों और मरीजों पर नकारात्मक असर पड़ने की आशंका है।
लोगों ने यह भी बताया कि अस्पताल में लगातार एंबुलेंस और मरीजों की आवाजाही रहती है, ऐसे में शराब दुकान के कारण अव्यवस्था और असुरक्षा बढ़ सकती है। इसी वजह से वे इस स्थान पर दुकान खुलने का कड़ा विरोध कर रहे हैं।
विरोध के दौरान कुछ आक्रोशित लोगों ने शराब दुकान पर पथराव भी कर दिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। देहात थाना प्रभारी के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पुलिस ने हालात संभालते हुए भीड़ को शांत कराया और यातायात बहाल कराया।
वार्डवासियों ने साफ चेतावनी दी है कि वे किसी भी हालत में अस्पताल के पास शराब दुकान संचालित नहीं होने देंगे और जरूरत पड़ने पर आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।








