5 दिन में 1.21 करोड़+ फॉलोअर्स: कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर मचाई हलचल
इंस्टाग्राम पर तेजी से बढ़ी लोकप्रियता, फॉलोअर्स के मामले में बीजेपी के आधिकारिक अकाउंट को भी छोड़ा पीछे
सोशल मीडिया पर कब कौन-सा ट्रेंड अचानक लोगों के बीच छा जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। इन दिनों इंस्टाग्राम पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का एक पेज तेजी से चर्चा में है। हैरानी की बात यह है कि इस पेज ने महज पांच दिनों के भीतर 1.21 करोड़ फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर लिया है। फॉलोअर्स की इस तेज रफ्तार ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
यह काल्पनिक राजनीतिक पार्टी इंटरनेट पर तेजी से लोकप्रिय हुई है। कुछ ही दिनों पहले शुरू किए गए इस इंस्टाग्राम पेज ने करोड़ों लोगों तक अपनी पहुंच बना ली। फॉलोअर्स की संख्या जिस तेजी से बढ़ी, उसने सोशल मीडिया पर मौजूद कई बड़े और स्थापित अकाउंट्स को भी पीछे छोड़ दिया।
कुछ घंटों में बदल गई तस्वीर
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का इंस्टाग्राम पेज 16 मई को शुरू किया गया था। शुरुआत के केवल 48 घंटों के भीतर इस पेज के फॉलोअर्स की संख्या 5.5 लाख तक पहुंच गई। इसके बाद इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती चली गई। तीसरे दिन तक यह संख्या बढ़कर 62 लाख हो गई। इसके बाद अगले कुछ दिनों में फॉलोअर्स का आंकड़ा एक करोड़ के पार निकल गया। 21 मई तक इस पेज के फॉलोअर्स लगभग 1.21 करोड़ तक पहुंच गए। खास बात यह रही कि हर गुजरते मिनट के साथ इसमें लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई।
बीजेपी के आधिकारिक अकाउंट से आगे निकला पेज
इस पेज की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स के मामले में इसने भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक अकाउंट को भी पीछे छोड़ दिया। जहां बीजेपी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 87 लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं, वहीं ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ इस संख्या से काफी आगे निकल चुकी है।
आखिर क्या है ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?
जानकारी के अनुसार, इस मजाकिया और काल्पनिक पार्टी की शुरुआत उस समय हुई, जब भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से जुड़ा एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। उस बयान में बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से किए जाने की चर्चा सामने आई थी। इसके बाद अभिजीत दीपके नाम के व्यक्ति ने 16 मई को इस कॉन्सेप्ट के साथ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत की।
धीरे-धीरे यह नाम सोशल मीडिया पर एक नए ट्रेंड के रूप में सामने आया। खासकर जेन जी के बीच इसकी चर्चा तेजी से बढ़ी। इंस्टाग्राम रील्स और मीम्स में बड़ी संख्या में लोग मजाकिया अंदाज में खुद को पार्टी से जोड़ते और खुद को संभावित लीडर बताते नजर आने लगे।
वीडियो पर करोड़ों में पहुंच रहे व्यूज
इस पेज पर कई छोटे वीडियो अपलोड किए गए हैं और उन्हें बड़ी संख्या में देखा जा रहा है। कुछ वीडियो के व्यूज एक करोड़ तक पहुंच चुके हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स होना यह साबित नहीं करता कि लोग वास्तविक तौर पर किसी विचार या पार्टी का समर्थन कर रहे हैं। लेकिन इतना जरूर है कि यह अकाउंट इंटरनेट यूजर्स का ध्यान खींचने में सफल रहा है।
कैसे बना इंटरनेट का नया सेंसेशन?
इस पेज पर साझा किए गए वीडियो छोटे, सरल और लोगों की रोजमर्रा की बातों से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। इनमें हास्य के साथ आम लोगों की भावनाओं और अनुभवों को दिखाने की कोशिश की गई। यही वजह रही कि लोग इन वीडियो से खुद को जुड़ा हुआ महसूस करने लगे। वीडियो पर अधिक समय तक लोगों का बने रहना भी इसकी तेजी से बढ़ती पहुंच का एक कारण माना जा रहा है।
हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस अकाउंट के सभी फॉलोअर्स पूरी तरह वास्तविक हैं या नहीं। सोशल मीडिया विशेषज्ञों के मुताबिक, किसी भी नए कंटेंट पर शुरुआती दौर में तेजी से लाइक, शेयर और कमेंट मिलने पर इंस्टाग्राम का एल्गोरिद्म उसे और ज्यादा लोगों तक पहुंचाने लगता है, जिससे उसकी लोकप्रियता अचानक बढ़ सकती है।








