ग्राम समनापुर में फार्मर आईडी एवं ई-विकास प्रणाली का व्यापक प्रचार-प्रसार
तेंदूखेड़ा। शुक्रवार को ब्लॉक की ग्राम पंचायत समनापुर में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के नेतृत्व में कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा किसानों के बीच फार्मर आईडी एवं ई-विकास प्रणाली के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर किसानों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु फार्मर आईडी बनवाने के महत्व से अवगत कराया गया।
अधिकारियों द्वारा बताया गया कि फार्मर आईडी स्थानीय युवा सर्वेयर, पटवारी, कॉमन सर्विस सेंटर अथवा स्वयं किसान द्वारा भी बनाई जा सकती है। इसके लिए समस्त कृषि भूमि के खसरा विवरण का पंजीयन कराना आवश्यक है। किसानों को जानकारी दी गई कि फार्मर आईडी के माध्यम से उन्हें शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ, फसल बीमा योजना का लाभ, बैंक ऋण प्राप्त करने में सुविधा तथा उर्वरक वितरण जैसी सेवाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत ई-टोकन के माध्यम से उर्वरक वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों ने बताया कि ई-टोकन व्यवस्था से किसानों को लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी, समय की बचत होगी, उर्वरक वितरण प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी बनेगी तथा कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। साथ ही किसानों को फसलवार अनुशंसित उर्वरक मात्रा की जानकारी भी प्रदान की गई।
प्रचार-प्रसार अभियान के दौरान ई-विकास प्रणाली एवं फार्मर आईडी संबंधी पम्पलेट ग्राम पंचायत में वितरित किए गए। कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सहित कृषि विकास अधिकारी जी पी बैन एवं अन्य कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों से शीघ्र फार्मर आईडी बनवाने तथा ई-विकास प्रणाली का लाभ लेने का आग्रह किया, जिससे उन्हें उर्वरकों एवं कृषि योजनाओं का लाभ समय पर और सुगमता से प्राप्त हो सके।








