देवरी में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, परिजनों ने जहरीली शराब पीने का लगाया आरोप
परिजनों ने सागर-नरसिंहपुर मार्ग पर किया चक्काजाम, एसडीएम के आश्वासन पर माने
सागर। बंडा के सेमरा रामचंद्र गांव में कमलेश पिता नारायण लोधी 45 वर्ष और चंद्रभान पिता पीतम सिंह 42 वर्ष की मौत के बाद शनिवार को देवरी नगर में 30 वर्षीय आदिवासी युवक सचिन गौंड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सचिन देवरी के महाकाली वार्ड स्थित नगर पालिका भवन के सामने का निवासी था। परिजनों के मुताबिक वह शुक्रवार रात बंधा पुल के पास पड़ा मिला था। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने युवक की मौत के पीछे जहरीली शराब को जिम्मेदार बताते हुये सागर-नरसिंहपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई और कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग की गई। सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री हर्ष यादव, कांग्रेस नेता संजय बृजपुरिया सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा की। वही मौके पर पहुंचे एसडीएम मुनव्वर खान ने परिजनों को समझाइश दी। उन्होंने युवक के शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराने और मामले की उचित जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त किया। फिलहाल शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस की प्राथमिक जांच में मृतक की गर्दन पर फंदे जैसे निशान लिगेचर मार्क मिले हैं। हालांकि युवक की मौत का स्पष्ट कारण पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।
प्रशासनिक टीम ने शराब दुकानों से लिये नमूने
देवरी नगर के महाकाली वार्ड निवासी युवक की शराब पीने से कथित मौत की घटना के बाद शासकीय शराब ठेकों में बेची जा रही शराब की गुणवत्ता को लेकर उठाये जा रहे सवालों को लेकर प्रशासन द्वारा देवरी नगर में संचालित दोनो कम्पोजिट शराब ठेको पर बेची जा रही शराब की सेम्पलिंग की है जिनकी जांच शासकीय लैब में कराई जायेगी। शनिवार को एसडीएम मुनव्वर खान, एसडीओपी अरूण उइके, नायब तहसीलदार रामराज चौधरी सहित राजस्व, पुलिस एवं आबकारी विभाग की टीम ने नगर के बस स्टेण्ड एवं सहजपुर तिराहे के झिन्ना पुलिया स्थित कम्पोजिट शराब दुकानों पर पहुंचकर जांच की। प्रशासनिक टीम ने शराब ठेकों के विक्रय काउन्टर एवं स्टॉक से शराब के सेम्पिल लिये जिन्हे सरकारी लैब में परीक्षण के लिये भेजा जायेगा।
देवरी में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, परिजनों ने जहरीली शराब पीने का लगाया आरोप
देवरी में संदिग्ध परिस्थितियों में ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







