सागर : बोले- परिवार का जनसंघ से रहा है जुड़ाव, लेकिन पार्टी की मौजूदा नीतियों से असहमति; जातिगत विभाजन से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की जताई आशंका
सागर/जैसीनगर। जैसीनगर सरपंच संघ के अध्यक्ष और गेहूंरास बुजुर्ग पंचायत के सरपंच डॉ. हेमंत सिंह ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की। रविवार सुबह करीब 8 बजे दूरभाष पर हुई बातचीत में डॉ. सिंह ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से जनसंघ से जुड़ा रहा है, लेकिन पिछले कुछ समय से भाजपा की नीतियों को लेकर उनकी असहमति बढ़ी है।
डॉ. हेमंत सिंह ने कहा कि भारत में अलग-अलग जातियों, वर्गों, भाषाओं और धर्मों के लोग साथ रहते आए हैं। उनका आरोप है कि भाजपा पहले धर्म के नाम पर और अब जाति के आधार पर समाज में विभाजन की स्थिति पैदा कर रही है। उनके मुताबिक, राजनीतिक लाभ के लिए जातिगत स्तर पर बढ़ता विभाजन गांवों के सामाजिक माहौल और आपसी सौहार्द को प्रभावित कर सकता है।
उन्होंने कहा कि वह रविवार से भाजपा की प्राथमिक सदस्यता छोड़ रहे हैं। डॉ. सिंह ने यह भी कहा कि आने वाले समय में जो राजनीतिक दल देश में लोगों को एकता के सूत्र में जोड़ने का प्रयास करेगा, वह सभी जातियों के लोगों के साथ मिलकर उसका समर्थन करेंगे।
डॉ. सिंह ने शनिवार को सागर में हुए घटनाक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षत्रिय समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस प्रशासन ने अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की, जिसे उन्होंने गलत बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति पर समाज में फूट पैदा करने के आरोप लगाए जा रहे हैं, उसे कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दी गई, जबकि विरोध करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की गई।
डॉ. हेमंत सिंह ने दोहराया कि पिछले कुछ समय से भाजपा की नीतियों को लेकर वह सहमत नहीं हैं। इन्हीं परिस्थितियों का हवाला देते हुए उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला लिया है।








