MP : युवक को पेड़ से बांधकर पीटने का आरोप, बिगड़ी हालत; जिला अस्पताल में भर्ती
ग्रामीणों का दावा- शराब के नशे में गाली-गलौज कर गांव में मचा रहा था हंगामा, सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने पेड़ से खोला, पुलिस कर रही जांच
छतरपुर। जिले के तलवा पुरवा गांव में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीणों ने युवक को पेड़ से बांध दिया और उसके साथ घंटों तक मारपीट की। घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। युवक की पहचान ग्राम तिलवां निवासी बीरू रैकवार के रूप में हुई है।
दूसरी ओर, ग्रामीणों का कहना है कि युवक शराब के नशे में गांव पहुंचा था और वहां लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए हंगामा कर रहा था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पेड़ से बांध दिया। मारपीट के बाद उसकी हालत बिगड़ने की जानकारी पुलिस तक पहुंची।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112
गुरुवार रात घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की एफआरवी टीम तलवा पुरवा पहुंची। वहां पुलिस को बीरू रैकवार एक पेड़ से बंधा हुआ मिला। पुलिस ने ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली और युवक को बंधन से मुक्त कराया।
उस समय युवक की हालत काफी खराब थी। वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था। स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मी उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
ग्रामीणों ने नशे में हंगामा करने की बताई वजह
कोतवाली टीआई सतीश सिंह ने बताया कि गुरुवार रात डायल 112 को युवक के पेड़ से बंधे होने की सूचना मिली थी। टीम जब मौके पर पहुंची तो बीरू रैकवार उसी हालत में मिला। पूछताछ के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि युवक शराब के नशे में था और गांव में उत्पात मचा रहा था।
पुलिस ने उसे पेड़ से खुलवाकर अस्पताल पहुंचाया। टीआई के मुताबिक, युवक नशे की हालत में होने के कारण उस समय ठीक से बातचीत करने की स्थिति में नहीं था।
पुलिस दोनों पक्षों के बयान ले रही
मामले में युवक के पक्ष की ओर से ग्रामीणों पर उसे पेड़ से बांधकर पीटने का आरोप लगाया गया है। वहीं, ग्रामीणों ने उसके नशे में हंगामा करने की बात कही है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
कोतवाली टीआई सतीश सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








