होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
—
On:

अनूपपुर में खौफनाक वारदात: युवक ने नानी-नाना, मां और मामा की बेटी को पीटा, चार की मौत

अमोदा गांव में डंडे और ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

अमोदा गांव में डंडे और पत्थर से हमला; पुजारी समेत चार लोग घायल, आरोपी पुलिस हिरासत में

अनूपपुर। जिले के अमोदा गांव में शनिवार को एक युवक ने अपने ही परिवार के सदस्यों पर लाठी और पत्थर से हमला कर दिया। हमले में उसकी नानी, नाना, मां और मामा की बेटी की मौत हो गई। बताया गया कि आरोपी ने अपने नाना की आंखों पर भी हमला किया। वारदात में परिवार के तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। शनि मंदिर के पुजारी गंगाराम भी हमले में घायल हुए हैं और उनका जबलपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

करनपठार पुलिस के अनुसार, आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय भन्नी बाई गोंड, 75 वर्षीय संपत सिंह गोंड, 50 वर्षीय अनूपिया बाई और मोनिका के रूप में हुई है। घायलों में चंचल (6), भारती सिंह (3), चैन सिंह और पुजारी गंगाराम शामिल हैं।

रात में पुजारी पर किया हमला, लोगों ने रस्सी से बांधा

मृतक अनूपिया बाई के भाई चैन सिंह ने बताया कि उनका घर अमोदा गांव की बस्ती से करीब एक किलोमीटर दूर नाले के पास है। रात करीब 11 बजे प्रेम सिंह नाला पार करके शनि मंदिर पहुंचा। वहां उसने पुजारी गंगाराम पर लाठी से हमला कर दिया। मारपीट में पुजारी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।

पुजारी पर हमले की आवाज और शोर सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचे। लोगों ने प्रेम सिंह को पकड़कर रस्सी से बांध दिया। इसके बाद पुजारी के परिजन उन्हें बेहोशी की हालत में जबलपुर ले गए, जहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। पुजारी गंगाराम मूल रूप से डिंडौरी जिले के शहपुरा क्षेत्र के छुइली गांव के रहने वाले हैं।

रस्सी खुलते ही घर पहुंचा, सामने आए लोगों पर बरसाई लाठी

चैन सिंह के मुताबिक, सुबह वह भैंस चराने के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उनकी बहन अनूपिया बाई ने प्रेम सिंह के हाथ-पैर में बंधी रस्सी खोल दी। इसके बाद वह नाला पार कर अपने घर पहुंच गया।

घर में उस समय चंचल (8), मोनिका (5), भारती (2), पिता संपत सिंह गोंड, मां भन्नी बाई और बहन अनूपिया मौजूद थे। घर में पहुंचते ही प्रेम सिंह ने पत्थर और लाठी से हमला शुरू कर दिया। सामने जो भी आया, उस पर उसने हमला किया। माता-पिता और बहन के सिर सहित हाथ-पैर पर भी लाठी से वार किए गए। आंगन में खेल रहे बच्चों को भी उसने पीटा।

बड़ी बेटी जंगल की ओर भागी, चाचा को दी जानकारी

चैन सिंह ने बताया कि आसपास घर होने के बावजूद हमले के दौरान लोग डर के कारण तुरंत मदद के लिए आगे नहीं आए। इसी बीच बड़ी बेटी किसी तरह वहां से निकलकर जंगल की ओर भाग गई। उसने चैन सिंह को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह तुरंत घर की तरफ पहुंचे।

चैन सिंह के घर पहुंचते ही आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण दोबारा मौके पर पहुंचे और प्रेम सिंह को पकड़कर रस्सी से बांध दिया। तब तक संपत सिंह, भन्नी बाई और अनूपिया बाई की मौत हो चुकी थी। सभी घायलों को उपचार के लिए शहडोल मेडिकल अस्पताल ले जाया गया।

इलाज के दौरान मोनिका ने भी दम तोड़ दिया। चैन सिंह के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और सिर पर भी चोट आई है। वहीं बच्ची भारती की हालत गंभीर बताई गई है और उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।

एक सप्ताह पहले इलाज के लिए मायके आई थी अनूपिया

चैन सिंह ने बताया कि उनकी बहन अनूपिया बाई का ससुराल उमरिया जिले में नौरोजाबाद के पास स्थित मरदरी गांव में है। उनके पति की करीब पांच साल पहले मौत हो चुकी है। उनके दो बेटे हैं, जिनमें प्रेम सिंह बड़ा बेटा है।

चैन सिंह के अनुसार, प्रेम सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। अनूपिया बाई की तबीयत खराब थी, जिसके चलते वह करीब एक सप्ताह पहले इलाज कराने मायके आई थीं। प्रेम सिंह भी तीन दिन पहले गांव आया था।

पत्नी ने मारपीट से परेशान होकर छोड़ा था साथ

चैन सिंह ने बताया कि प्रेम सिंह की शादी हो चुकी थी, लेकिन वह अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। इसी वजह से करीब तीन साल पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी।

घटनास्थल पर पहुंची मेडिकल टीम

पुष्पराजगढ़ बीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बेनीबारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। फिलहाल शवों की जांच और फोटोग्राफी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर शवों को बेनीबारी लाकर पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम घटनास्थल पर ही किया जाना है या शवों को बेनीबारी ले जाना है, इसका फैसला फॉरेंसिक टीम के निर्देश और मौके की परिस्थितियों को देखते हुए किया जाएगा।

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All