ऑनलाइन जुये में 8 लाख का कर्ज, युवक ने की मोटरसाइकिल चोरी, वृद्ध महिला का मंगलसूत्र छीनने की वारदात में भी संलिप्तता
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल की बरामद
सागर ऑनलाइन गैंबलिंग और लूडो गेम में 7 से 8 लाख रुपये गंवाने के बाद कर्ज में डूबे एक युवक ने कथित तौर पर मोटरसाइकिल चोरी और वृद्ध महिला का मंगलसूत्र छीनने की वारदात को अंजाम दिया। थाना गोपालगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुये मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा कर आरोपी अजय पटेल 24 को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन एएसपी नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन और सीएसपी ललित कश्यप के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 4 अक्टूबर को फरियादी शालिकराम रैकवार निवासी बालक हिल व्यू शिवाजी वार्ड ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने दोपहर करीब 3.20 बजे अपनी काले रंग की हीरो होंडा पैशन प्रो मोटर साइकिल क्र. एमपी15 एनडी 5010 घर के सामने खड़ी की थी। शाम करीब 4 बजे मोटर साइकिल गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन नहीं मिला तो उन्होंने गोपालगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। चोरी गई मोटर साइकिल की अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है। शिकायत के बाद पुलिस ने घटनास्थल और संभावित क्षेत्रों में तलाश शुरू की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही अन्य थाना क्षेत्रों से मिली जानकारियों का भी मिलान किया गया। जांच के दौरान कोतवाली क्षेत्र में वृद्ध महिला का मंगलसूत्र छीनने की घटना से जुड़ा सुराग मिलने पर पुलिस ने दोनों मामलों की जानकारी का विश्लेषण किया। संदिग्ध की तलाश में पुलिस टीम जबलपुर भी पहुंची। लगातार तलाश के दौरान 9 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर बीएमसी के पास एक संदिग्ध युवक मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम अजय पटेल निवासी तिली गांव पटवा मंदिर के पास थाना गोपालगंज बताया। पुलिस उसे थाने लेकर आई, जहां विस्तृत पूछताछ में उसने मोटर साइकिल चोरी करने और कोतवाली क्षेत्र में वृद्ध महिला का मंगलसूत्र छीनने की घटना में संलिप्तता स्वीकार करने की जानकारी पुलिस को दी। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई मोटर साइकिल बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी स्नातक है और प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग पढ़ाकर जीवनयापन करता था। वह विवाहित है और उसकी दो साल की बेटी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 91 क्लब वेबसाइट पर ऑनलाइन गैंबलिंग और पैसे लगाकर लूडो खेलता था। लगातार रकम हारने के कारण उस पर करीब 7 से 8 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। आरोपी ने अपनी मोटरसाइकिल किस्तों पर खरीदी थी, जिसे बाद में गिरवी रखकर रकम प्राप्त की। इसमें से कुछ पैसा कर्ज की किस्त चुकाने में खर्च किया, जबकि शेष रकम ऑनलाइन गेम में हार गया। नुकसान की भरपाई और कर्ज चुकाने की उम्मीद में वह बार-बार गेम में रुपये लगाता रहा, लेकिन उसकी आर्थिक स्थिति और बिगड़ती चली गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसने कर्ज चुकाने के लिये चोरी की वारदातों का सहारा लिया। वारदातों से मिली रकम पुराने कर्ज में खर्च करने के बाद भी उसकी ऑनलाइन गेम खेलने की आदत जारी रही। आर्थिक परेशानी के चलते वह घर जाने के बजाय रेलवे स्टेशन पर रात बिताने लगा था। 9 अक्टूबर को वह कथित तौर पर एक और चोरी करने की फिराक में बीएमसी की ओर गया था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गोपालगंज पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मोटर साइकिल बरामद कर ली है। वृद्ध महिला से मंगलसूत्र छीनने की घटना के संबंध में कोतवाली पुलिस को सूचित किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मंगलसूत्र संबंधी मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित पुलिस द्वारा की जायेगी। उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक नीरज जैन, डीएस मरावी, दीपक व्यास, अंकित तिवारी, आनंद सिंधु, अंकित हरदहा, दशरथ मालवीय की भूमिका रही।
ऑनलाइन जुये में 8 लाख का कर्ज, युवक ने की मोटरसाइकिल चोरी, वृद्ध महिला का मंगलसूत्र छीनने की वारदात में भी संलिप्तता
ऑनलाइन जुये में 8 लाख ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







