पटाखा कारोबारियों पर पुलिस कार्रवाई से भड़के भाजपा नेता, थाने में जमकर नारेबाजी
विधायक बृजबिहारी पटैरिया समर्थकों के साथ देवरी थाना पहुंचे, पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल; पटाखा व्यापारियों को अपने साथ ले गए
सागर/देवरीकलाँ। दीपावली से पहले आतिशबाजी के अवैध भंडारण के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई अब विरोध का मुद्दा बन गई है। देवरी में पटाखा कारोबारियों के यहां पुलिस की तलाशी के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर विरोध जताया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। मामला बढ़ने पर क्षेत्रीय विधायक बृजबिहारी पटैरिया भी थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद वे पटाखा व्यापारियों को अपने साथ लेकर चले गए।
दरअसल, दीपावली को देखते हुए प्रदेशभर में पुलिस और प्रशासन अवैध रूप से पटाखे जमा करने वालों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। इसी संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को भी जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को एसडीओपी और देवरी थाना प्रभारी सहित पुलिस बल ने नगर में आतिशबाजी का कारोबार करने वाले लोगों के घरों पर पहुंचकर तलाशी ली।
पुलिस की इस कार्रवाई की खबर फैलते ही राजनीतिक हलचल शुरू हो गई। बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता देवरी थाने में एकत्रित हो गए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को अनावश्यक बताते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। भाजपा नेताओं का आरोप था कि पुलिस चुनिंदा लोगों को निशाना बनाकर उनकी प्रतिष्ठा खराब करने का प्रयास कर रही है।
नेताओं ने यह सवाल भी उठाया कि शासन के निर्देश आवासीय क्षेत्रों में पटाखों के भंडारण से जुड़े सुरक्षा मानकों की जांच के लिए हैं, ऐसे में खेतों या अन्य स्थानों पर रखे गए पटाखों को लेकर भी आपत्ति जताना उचित नहीं है। इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से आतिशबाजी कारोबारियों को लाइसेंस जारी किए जाने के मुद्दे पर भी भाजपा नेताओं ने नाराजगी जाहिर की।
थाना परिसर में काफी देर तक विरोध और नारेबाजी का दौर चलता रहा। इसी बीच सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक बृजबिहारी पटैरिया भी देवरी थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले को लेकर बातचीत की और बाद में पटाखा व्यापारियों को अपने साथ लेकर रवाना हो गए।
चार स्थानों पर तलाशी, दो जगह मिली सामग्री: थाना प्रभारी
मामले में देवरी थाना प्रभारी कपिल लक्षकार ने बताया कि प्रदेशभर में अवैध पटाखों के भंडारण की जांच के लिए पुलिस सर्चिंग अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत देवरी में भी चार स्थानों पर तलाशी ली गई। इनमें से दो जगहों पर पटाखे मिलने के बाद जब्ती की गई है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जैतपुर कोपरा निवासी विमल कुमार जैन के आवास से 14 हजार 900 रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की एक अन्य स्थान पर कार्रवाई जारी थी।








