सागर : पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब से भरी टाटा सूमो, 3.63 लाख का मशरूका जब्त, 544 पाव देशी शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में तीन अन्य लोगों की भूमिका उजागर
सागर/केसली। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत केसली पुलिस ने कार्रवाई करते हुये शराब से भरी टाटा सूमो गोल्ड कार जब्त की है। पुलिस ने वाहन से 544 पाव 97.92 बल्क लीटर अवैध देशी शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत 3 लाख 63 हजार 400 रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन एवं एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया और नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में एसडीओपी देवरी अरुण उइके के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सियरमऊ-टड़ा मार्ग से सफेद रंग की टाटा सूमो क्र.एमपी 15 डीए 1008 में अवैध शराब भरकर केसली-सहजपुर क्षेत्र में लाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने भौरयाऊ घाटी स्थित वनदेवी रोड पर घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध टाटा सूमो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान नीरज उर्फ गनेश साहू 45 निवासी सहजपुर के रूप में हुई। वाहन की तलाशी लेने पर पिछली सीट के नीचे रखी 11 पेटियों में 544 पाव देशी शराब मिली। इनमें मसाला देशी मदिरा के 450 और प्लेन देशी मदिरा के 94 पाव शामिल हैं। शराब की कीमत 63 हजार 400 रुपये तथा तस्करी में प्रयुक्त टाटा सूमो की कीमत तीन लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सहजपुर निवासी सच्चू पाण्डे और गबराल लोधी के कहने पर रायसेन जिले के सियरमऊ स्थित शराब ठेके से कम कीमत पर शराब खरीदकर लाता था। इसके बदले उसे वाहन किराया और कमीशन दिया जाता था। शराब को सहजपुर क्षेत्र में खपाने की योजना थी। पुलिस ने इस मामले में चार व्यक्तियों के विरुद्ध अपराध क्र. 0251/2026 के तहत मप्र आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी धर्मराज सिंह बघेल के नेतृत्व में माधव सिंह ठाकुर, दिनेश, खिलान, अहफाज अख्तर तथा उदित शर्मा की भूमिका रही।
सागर : पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब से भरी टाटा सूमो, 3.63 लाख का मशरूका जब्त, 544 पाव देशी शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
सागर : पुलिस ने पकड़ी ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







