सड़क चौड़ीकरण के नाम पर लापरवाही: खकरिया मार्ग पर वार्ड-9 में कहीं 4 फीट तो कहीं 2 फीट खुदाई, गुणवत्ता पर उठे सवाल – 10 दिन से धूल से बेहाल दुकानदार
मुख्य मार्ग से मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल जाने वाले जनपद मार्ग को 12 से 20 फीट चौड़ा कर रही नगर परिषद – निर्माण में एकरूपता नहीं
विशाल रजक तेंदूखेड़ा। नगर परिषद तेंदूखेड़ा द्वारा वार्ड क्रमांक 9 में खकरिया मार्ग पर कराए जा रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य में भारी अनियमितता सामने आ रही है मुख्य मार्ग से मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल जाने वाले जनपद मार्ग का चौड़ीकरण कार्य पिछले कई दिनों से चल रहा है, लेकिन निर्माण कार्य में एकरूपता नहीं होने के कारण अब स्थानीय लोगों और दुकानदारों में आक्रोश देखने को मिल रहा है जानकारी के अनुसार इस मार्ग की वर्तमान चौड़ाई करीब 12 फीट है, जिसे बढ़ाकर 20 फीट किया जाना प्रस्तावित है। योजना के तहत सड़क के दोनों ओर लगभग चार-चार फीट जगह की खुदाई कर उसमें मुरम और गिट्टी डालने के बाद डामरीकरण किया जाना है। लेकिन मौके पर चल रहा कार्य प्रस्तावित नक्शे और मापदंडों से बिल्कुल अलग नजर आ रहा है
कहीं ज्यादा तो कहीं कम हो रही खुदाई
मौके पर जेसीबी मशीन से सड़क के दोनों ओर खुदाई कराई जा रही है, लेकिन खुदाई का कोई निर्धारित लेवल नहीं दिख रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कहीं पर 4 फीट तक चौड़ी खुदाई की गई है तो कहीं महज 2 से 3 फीट तक ही खोदकर छोड़ दिया गया है। इसी तरह गहराई में भी अंतर देखा जा रहा है। कहीं गड्ढा ज्यादा गहरा खोदा गया है तो कहीं ऊपरी सतह से ही काम चलाया जा रहा है सड़क की चौड़ाई और गहराई में इस तरह के अंतर को देखकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी मापदंडों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर शुरुआत में ही इस तरह की लापरवाही बरती गई तो भविष्य में सड़क जगह-जगह से बैठ सकती है और बरसात में टूट सकती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य व्यवस्थित और एक समान स्तर पर होना चाहिए, ताकि सड़क टिकाऊ बन सके
10 दिनों से धूल के गुबार से बेहाल व्यापारी
पिछले करीब 10 दिनों से खकरिया मार्ग पर खुदाई का काम चलने से पूरे क्षेत्र में धूल का गुबार उड़ रहा है। सड़क किनारे धूल की मोटी परत जम गई है। इसका सबसे ज्यादा खामियाजा सड़क किनारे संचालित दुकानदारों को और रहने वाले वार्डवासियों को भुगतना पड़ रहा है वार्डवासियों व दुकानदारों का कहना है कि दिनभर दुकानों और घरों में धूल घुसती रहती है। सामानों पर धूल जम जाती है और ग्राहक दुकानों तक आने से कतराते हैं, जिससे उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पैदल चलने वाले राहगीरों, स्कूली बच्चों और आसपास के रहवासियों को भी आवागमन के दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार दोपहिया वाहन चालक धूल के कारण फिसलने से भी बाल-बाल बचे हैं।
स्थानीय लोगों ने लगाए आरोप
वार्ड क्रमांक 9 में रहने वाले मोनू नामदेव राधे पटेल मोहन ठाकुर पप्पू रजक पुष्पराज यादव ने बताया कि निर्माण कार्य को देखकर ऐसा लगता है कि काम बिना किसी इंजीनियरिंग ड्राइंग और व्यवस्थित योजना के किया जा रहा है। उनका आरोप है कि कहीं अधिक तो कहीं कम खुदाई कराकर कहीं न कहीं ठेकेदार को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है
फिलहाल नगरवासियों ने नगर परिषद अध्यक्ष और सीएमओ से मांग की है कि खकरिया मार्ग के निर्माण कार्य का मौके पर निरीक्षण कराकर खुदाई को एक समान कराया जाए और निर्माण के दौरान पानी का छिड़काव कर धूल से राहत दिलाई जाए
ठेकेदार बोला – नीचे है नर्मदा पाइपलाइन
इस संबंध में जब संबंधित ठेकेदार से चर्चा की गई तो उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मार्ग के नीचे से नर्मदा पेयजल पाइपलाइन निकली हुई है इसलिए कुछ स्थानों पर पाइपलाइन को बचाने के लिए कम और कुछ जगह ज्यादा खुदाई करनी पड़ रही है
इनका कहना
इस मामले में नगर परिषद के उपयंत्री भूपेंद्र सिंह ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और वे जल्द ही मौके पर जाकर निर्माण कार्य का निरीक्षण करवाएंगे और ठेकेदार को निर्धारित मापदंड के अनुसार काम करने के निर्देश देंगे








