सागर : लाखा बंजारा झील में उतराता मिला युवक का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
वमनाघाट के पास नाव चालकों की मदद से शव को निकाला गया बाहर
सागर शहर की लाखा बंजारा झील में शनिवार सुबह एक युवक का शव उतराता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वमनाघाट के पास सुबह करीब 8 बजे झील में शव दिखाई देने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और नाव चालकों की मदद से शव को झील से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान काकागंज निवासी सूरज रैकवार उर्फ चिकन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक के शरीर पर कपड़े नहीं थे और उसने केवल अंडरगारमेंट पहन रखा था। इस स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक नहाने के दौरान झील में डूब गया होगा। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक चाऊमीन की दुकान पर काम करता था। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही युवक की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।








