MP : खंडवा-खरगोन में भूकंप के झटकों से मची हलचल, सुबह 9:15 बजे कांपी धरती
रिक्टर स्केल पर 4.5 रही तीव्रता, धौलकोट-कुंडिया क्षेत्र बताया जा रहा केंद्र; कसरावद, झिरनिया और चैनपुर समेत कई इलाकों में भी महसूस हुए झटके
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा और आसपास के इलाकों में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट पर अचानक धरती में कंपन होने से लोगों के बीच हलचल मच गई। भूकंप का केंद्र खरगोन जिले के धौलकोट-कुंडिया क्षेत्र में बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गई है। इसका केंद्र खंडवा जिला मुख्यालय से लगभग 88 किलोमीटर दूर और जमीन के भीतर करीब 10 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है।
अगले दो से तीन दिन सतर्क रहने की सलाह
कृषि एवं मौसम विशेषज्ञ डॉ. सौरव गुप्ता के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजकर 15 मिनट 28 सेकेंड पर भूकंप आया था। इसकी तीव्रता हल्की श्रेणी में बताई गई है, लेकिन खंडवा और आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों ने कंपन महसूस किया।
अचानक धरती हिलने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। कई लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए। डॉ. गुप्ता ने लोगों को अगले दो से तीन दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है। फिलहाल इस घटना को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
### खरगोन के कई क्षेत्रों में भी महसूस हुआ कंपन
भूकंप का असर केवल खंडवा तक सीमित नहीं रहा। शनिवार सुबह कसरावद, झिरनिया, चैनपुर, खलबुजुर्ग और गोगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों ने धरती में कंपन महसूस होने की जानकारी दी।
खरगोन एसडीएम सत्येंद्र बैरवा ने बताया कि सुबह क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से भूकंप के झटके महसूस होने की सूचनाएं मिली हैं। घटना की वास्तविक स्थिति और अन्य जानकारियों के लिए संबंधित भूकंप मापी केंद्र से संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है।
भूकंप के दौरान इन सावधानियों का रखें ध्यान
भूकंप के झटके महसूस होने पर घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर पहुंचना जरूरी है। ऐसी स्थिति में लिफ्ट का इस्तेमाल करने से बचें। यदि आप किसी इमारत के अंदर हैं तो सुरक्षित होने पर सीढ़ियों के रास्ते बाहर निकलें और खुले मैदान में चले जाएं। कंपन रुकने के बाद भी आसपास की स्थिति सामान्य होने तक सावधानी बरतें। प्रशासन या सरकार की ओर से कोई आधिकारिक अलर्ट अथवा निर्देश जारी किए जाते हैं तो उनका पालन करें। साथ ही, सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर भरोसा करने से पहले उनकी सत्यता जरूर जांच लें।








