आरटीआई में जानकारी मांगने के बाद पंच ने उठाया आत्मघाती कदम, कीटनाशक पीने से हालत गंभीर
गौरझामर पंचायत के सरपंच-सचिव पर धमकाने और मानसिक दबाव बनाने के आरोप, बीएमसी में चल रहा उपचार
सागर। ग्राम पंचायत के कामकाज और खर्चों का हिसाब सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत मांगना एक पंच के लिए कथित तौर पर परेशानी का कारण बन गया। आरोप है कि जानकारी मांगने के बाद उन्हें सरपंच और सचिव की ओर से लगातार दबाव का सामना करना पड़ा। इसी मानसिक तनाव के बीच उन्होंने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उन्हें शुक्रवार रात सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, गौरझामर निवासी दुर्गा प्रसाद ने गौरझामर ग्राम पंचायत में आरटीआई आवेदन देकर पंचायत के कामकाज और विभिन्न मदों में हुए खर्च की जानकारी मांगी थी। आरोप है कि आवेदन देने के बाद से ही उन पर जानकारी वापस लेने या मामले को आगे नहीं बढ़ाने के लिए दबाव बनाया जाने लगा। सरपंच और सचिव पर धमकियां देने के भी आरोप लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि इन परिस्थितियों के चलते दुर्गा प्रसाद मानसिक रूप से परेशान थे। इसी दौरान उन्होंने कीटनाशक दवा पी ली।
घटना के बाद परिजन और परिचित उन्हें उपचार के लिए सागर स्थित बीएमसी लेकर पहुंचे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे अस्पताल में मौजूद वार्डवासी सुमित शर्मा और राहुल रैकवार ने बताया कि दुर्गा प्रसाद ने उन्हें आरटीआई लगाने के बाद पंचायत के सरपंच और सचिव की ओर से दबाव बनाए जाने की जानकारी दी थी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत में सरपंच का अधिकांश कामकाज संभालने वाले अभिषेक सोनी की ओर से दुर्गा प्रसाद को लगातार फोन किए जा रहे थे।
इस घटना के बाद पंचायतों में पारदर्शिता, सरकारी कामकाज की जानकारी मांगने के अधिकार और आरटीआई आवेदकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, पूरे मामले में अभी सरपंच, सचिव और अभिषेक सोनी का पक्ष सामने नहीं आया है।
फिलहाल दुर्गा प्रसाद की हालत गंभीर बताई जा रही है और बीएमसी में उनका उपचार जारी है। अब इस मामले में पुलिस की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।








