होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
—
On:

जैसीनगर में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन, छह राज्यों के कलाकारों ने बिखेरी लोक संस्कृति की छटा

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत बोले- ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत बोले- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय महापुरुषों को दिलाया उनका खोया सम्मान, लोक कलाकारों के साथ किया पारंपरिक नृत्य

सागर। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जैसीनगर में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम और विकास में जनजातीय समाज की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है, लेकिन लंबे समय तक उनके महान नायकों के संघर्ष और बलिदान को वह पहचान नहीं मिल सकी, जिसके वे हकदार थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन महापुरुषों के योगदान को देश के सामने लाकर उन्हें उचित सम्मान और पहचान दिलाने का काम किया है।

मंत्री राजपूत ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराएं और इतिहास देश की गौरवशाली विरासत का हिस्सा हैं। आदिकाल से इस धरती पर निवास करने वाले समुदायों की पहचान, उनके स्वाभिमान और सम्मान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की थी। यह दिन उन वीर नायकों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने बताया कि केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार जनजातीय बहुल क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही हैं। जनजातीय किसानों को किसान सम्मान निधि के साथ महिलाओं और बच्चों को लाड़ली बहना तथा लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिया जा रहा है।

जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा को देश का गौरव बताते हुए कहा कि उन्होंने महज 25 वर्ष की उम्र में स्वतंत्रता आंदोलन के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। देश की आजादी से लेकर विकास की यात्रा तक जनजातीय समाज का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि आज आदिवासी समाज की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर विराजमान हैं। यह पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने जनजातीय समुदाय को परिश्रमी, साहसी और ईमानदार बताते हुए कहा कि समाज को सम्मान और अधिकार दिलाने के उद्देश्य से ही जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समुदाय के उत्थान के प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में श्री श्याम तिवारी ने भी जनजातीय महापुरुषों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, टंट्या भील, शंकर शाह, रघुनाथ शाह और वीरांगना रानी दुर्गावती जैसे महान नायकों ने देश के लिए अपना अमूल्य योगदान दिया है। सरकार इन वीर स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान दिलाने के साथ जनजातीय समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है।

जनजाति कल्याण विकास परिषद महाकौशल प्रांत के सचिव अर्जुन सिंह मरकाम ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस मनाने का उद्देश्य केवल महापुरुषों को याद करना नहीं, बल्कि उनके जीवन, संघर्ष और विचारों से नई पीढ़ी को प्रेरित करना भी है। जनजातीय समाज की वीरता, मेहनत और प्रकृति के संरक्षण की परंपरा से सभी को सीख लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति और इतिहास को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके संघर्षों पर प्रकाश डाला।

लोक कलाकारों के साथ थिरके मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से आए लोक कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में जनजातीय नृत्य, लोकगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छह राज्यों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी-अपनी परंपराओं की झलक दिखाकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इस दौरान मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी लोक कलाकारों के बीच पहुंचे और उनके साथ पारंपरिक लोक नृत्य में शामिल हुए। मंत्री को कलाकारों के साथ नृत्य करते देख कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

आयोजन की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। जनजातीय परंपरा के अनुरूप अतिथियों का स्वागत महुआ के पत्तों से बनी टोपियां पहनाकर और महुआ की मालाएं भेंट कर किया गया। कार्यक्रम में शामिल जनजातीय समाज के लोगों पर मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा की। इसके बाद सभी के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम में श्री उमेश गोंड, जनपद अध्यक्ष रामबाबू सिंह, जिला पंचायत सदस्य भारती गोंड, ऊषा पटेल, नगर पंचायत प्रतिनिधि सखन सिंह, साहब सिंह, लोकमन लोधी, धर्मेंद्र सिंह, हरनाम सिंह, धीरज सिंह, जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे और जैसीनगर एसडीएम नवीन सिंह ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

सागर में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर निकली रैली, जनजातीय गौरव दिवस पर हुआ आयोजन

मलैया मैरिज गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने अर्पित की श्रद्धांजलि, विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा- जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए बिरसा मुंडा का संघर्ष आज भी प्रेरणादायक

सागर में भी जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। इस मौके पर मलैया मैरिज गार्डन में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन से पहले शहर में भव्य रैली निकाली गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, जनजातीय समाज के सदस्यों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।

मुख्य समारोह में सागर नगर विधायक शैलेंद्र जैन, श्री श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार और अपर कलेक्टर अविनाश रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष में लगा दिया। उनका साहस, त्याग और समाज के अधिकारों के लिए किया गया संघर्ष आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता और विकास में जनजातीय समाज का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है, जिसे हमेशा याद रखा जाना चाहिए।

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All