जनवरी से मिलेगा बढ़ी हुई दर का लाभ, नौ महीने का एरियर तीन समान किस्तों में होगा भुगतान; पेंशनर्स की महंगाई राहत में भी 2 प्रतिशत की वृद्धि
सागर। मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर इस फैसले की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि प्रदेश सरकार हमेशा से शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों के हितों को प्राथमिकता देती रही है। सरकार कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनर्स के हितों को लेकर भी प्रतिबद्ध है।
सरकार के इस निर्णय के तहत कर्मचारियों को जनवरी से सितंबर 2026 तक की अवधि का कुल नौ महीने का बकाया महंगाई भत्ता दिया जाएगा। एरियर की राशि तीन बराबर मासिक किस्तों में कर्मचारियों के खातों में पहुंचाई जाएगी।
वहीं, अक्टूबर माह के वेतन का भुगतान नवंबर में किया जाएगा। इसी वेतन से बढ़े हुए महंगाई भत्ते की राशि नकद मिलना शुरू हो जाएगी।
इसके अलावा राज्य सरकार ने पेंशनर्स को मिलने वाली महंगाई राहत में भी 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। पेंशनर्स के लिए यह संशोधित दर जुलाई 2026 से लागू होगी।








