पंचशील नगर में सड़क किनारे बंधे घोड़े ने पेट में मारी जोरदार लात, पहले भी युवक और कुत्ते पर हमले का आरोप; शिकायतों के बावजूद नहीं हटा अस्तबल
भोपाल। राजधानी भोपाल के पंचशील नगर में घोड़े की लात लगने से घायल 39 वर्षीय ठेकेदार की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब वह एक रिश्तेदार के बेटे की शादी के निमंत्रण पत्र बांटकर घर लौट रहे थे। रास्ते में सड़क के दोनों ओर बंधे घोड़ों के बीच से निकलते वक्त एक घोड़े ने उनके पेट पर जोरदार लात मार दी। गंभीर रूप से घायल ठेकेदार ने सोमवार सुबह अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है।
मृतक की पहचान संतोष सुरडकर (39), निवासी प्लॉट नंबर-1, सरदार पटेल स्कूल के पास, पंचशील नगर के रूप में हुई है। संतोष जर्जर मकानों को तोड़ने का ठेका लेते थे। उनकी शादी को 11 साल हो चुके थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। पिछले साल उन्होंने अपने एक रिश्तेदार के बेटे को गोद लिया था।
शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे, रास्ते में घोड़े ने किया हमला
संतोष के छोटे भाई विनोद ने बताया कि रविवार को संतोष अपने साले के साथ मौसेरे भाई की शादी के कार्ड बांटने गए थे। रिश्तेदारों को निमंत्रण पत्र देने के बाद दोनों बाइक से घर वापस आ रहे थे। घर के नजदीक रवि लोगांशी नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर कब्जा कर अस्तबल बना रखा है, जहां पांच से छह घोड़े रखे गए हैं।
रविवार शाम करीब 7 बजे संतोष इसी रास्ते से गुजर रहे थे। सड़क के दोनों तरफ घोड़े बंधे होने के कारण उन्हें बीच से निकलना पड़ा। इसी दौरान एक घोड़े ने उनके पेट पर जोरदार लात मार दी। चोट लगते ही संतोष सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
विनोद के अनुसार, हादसे के बाद संतोष को पेट में असहनीय दर्द होने लगा। उन्हें सांस लेने में भी परेशानी महसूस हो रही थी। परिजन तुरंत उन्हें पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत बिगड़ने पर उन्हें चुना भट्टी स्थित दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पहले युवक को काटने और कुत्ते की जान लेने का भी आरोप
परिजनों का कहना है कि जिस जगह घोड़े रखे जाते हैं, वहां पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। विनोद ने आरोप लगाया कि अस्तबल में मौजूद एक घोड़ा पहले एक युवक को काट चुका है। इसके अलावा एक कुत्ते को भी घोड़े ने लात मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी।
परिवार का आरोप है कि लगातार ऐसी घटनाएं सामने आने के बावजूद अस्तबल संचालक के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सार्वजनिक रास्ते पर घोड़ों को बांधने से लोगों की आवाजाही के दौरान खतरा बना हुआ था।
CM हेल्पलाइन से थाने तक की शिकायत, निगम की कार्रवाई भी बेअसर
विनोद ने बताया कि घोड़ों से होने वाली परेशानी और खतरे को लेकर परिवार पहले भी सीएम हेल्पलाइन और टीटी नगर थाने में शिकायत कर चुका था। स्थानीय पार्षद को भी इस समस्या से अवगत कराया गया था। पार्षद ने नगर निगम के माध्यम से कार्रवाई कराने की बात कही थी।
परिजनों के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन उसने केवल चालानी कार्रवाई की और वापस लौट गई। घोड़ों को सार्वजनिक रास्ते पर बांधने की समस्या का समाधान नहीं हुआ।
संतोष की मौत के बाद परिजन अब सवाल उठा रहे हैं कि जब पहले भी घोड़ों के हमले में लोग और जानवर घायल हो चुके थे और संबंधित विभागों तक शिकायतें पहुंच चुकी थीं, तो अस्तबल को हटाने या घोड़ों को सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए समय रहते कदम क्यों नहीं उठाए गए? परिवार का कहना है कि आखिर जिम्मेदार विभागों ने इस समस्या को गंभीरता से क्यों नहीं लिया।
टीटी नगर पुलिस ने शुरू की जांच
संतोष की मौत के मामले में टीटी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस घटना के समय के हालात और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।








