लंबे समय से फरार आरोपी, वारंटी एवं बदमाशों पर कार्यवाही : 221 वारंटी सहित कांबिंग गस्त के दौरान जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाला आरोपी गिरफ्तार
सागर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर के समस्त थाना क्षेत्रों में एक साथ व्यापक स्तर पर रात्रि कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान की लगातार मॉनिटरिंग अति. पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उइके एवं अति. पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा द्वारा की गई। संपूर्ण कार्यवाही में जिले के समस्त एसडीओपी, सीएसपी, थाना प्रभारी एवं अधिकतम पुलिस बल सक्रिय रूप से शामिल रहा। रात्रि कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों द्वारा फरार आरोपियों, लंबे समय से लंबित वारंटियों, निगरानी बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर कई कार्यवाहियां की गई। पुलिस टीमों ने देर रात गांवों, ढाबों, खेतों, संभावित ठिकानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार दबिश देकर फरार अपराधियों की तलाश की। अभियान के दौरान जिलेभर में कुल 142 गिरफ्तारी वारंट एवं 79 स्थाई वारंट तामील किये गये, वही 2 फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई। रात्रिकालीन अभियान के दौरान निगरानी बदमाशों की चेकिंग कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया तथा थाना स्तर पर रिकॉर्ड अपडेट करने की कार्यवाही की गई। थाना महाराजपुर पुलिस द्वारा कांबिंग गश्त के दौरान जिला बदर आरोपी प्यारे लाल राय पिता जगदीश राय 40 वर्ष निवासी ग्राम बारहा थाना महाराजपुर को उसके खेत पर दबिश देकर पकड़ा गया। आरोपी को पूर्व में 5 माह के लिये जिला बदर किया गया था तथा नोटिस तामील कराकर बेलखेड़ा थाना जिला जबलपुर क्षेत्र में छोड़ा गया था। इसके बावजूद आरोपी पुनः क्षेत्र में पाया गया, जिस पर जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्यवाही की गई।








