नगर निगम में रिश्वतखोरी पर कार्रवाई : मेडिकल वेतन जारी करने के बदले 3 हजार रुपये लेते कर्मचारी को EOW ने पकड़ा
जबलपुर नगर निगम कार्यालय में शनिवार दोपहर करीब सवा दो बजे आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की टीम ने एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई नगर निगम मुख्यालय के सामने की गई, जहां आरोपी कर्मचारी को तीन हजार रुपये लेते ही टीम ने धर दबोचा और अपने साथ वाहन में बैठाकर ले गई।
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम में पदस्थ कर्मचारी पी. रामाराव का करीब एक महीने का मेडिकल वेतन लगभग 25 हजार रुपये लंबित था। यह राशि जारी कराने के लिए उन्हें बार-बार स्थापना शाखा के चक्कर लगाने पड़ रहे थे। स्थापना शाखा में पदस्थ राकेश शर्मा पर आरोप है कि वे लगातार उन्हें टालते रहे।
बताया गया है कि दो दिन पहले जब पी. रामाराव नगर निगम कार्यालय पहुंचे तो राकेश शर्मा ने खुद को व्यस्त बताते हुए काम करने से मना कर दिया। बाद में दोनों की मुलाकात कार्यालय परिसर के बाहर हुई, जहां राकेश शर्मा ने कथित रूप से तीन हजार रुपये की मांग रखी। रामाराव ने राशि देने से इनकार किया तो आरोपी ने साफ शब्दों में कहा कि बिना पैसे दिए फाइल आगे नहीं बढ़ेगी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, शुक्रवार को एक फोन कॉल के दौरान अकाउंटेंट ने भी स्पष्ट कहा था कि बिना रकम दिए मेडिकल बिल स्वीकार नहीं किया जाएगा। इससे परेशान होकर टी. रामाराव ने सीधे EOW से संपर्क कर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद EOW ने पूरी योजना बनाकर जाल बिछाया। तय कार्यक्रम के तहत शनिवार दोपहर नगर निगम मुख्यालय के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास आरोपी को पैसे देने बुलाया गया। जैसे ही राकेश शर्मा ने तीन हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद EOW टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।
टी. रामाराव ने यह भी बताया कि इससे पहले उन्होंने नगर निगम में पदस्थ मनीष ताड़से के खिलाफ भी रिश्वत लेने की शिकायत की थी। फिलहाल EOW आरोपी अकाउंटेंट से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
नगर निगम में रिश्वतखोरी पर कार्रवाई : मेडिकल वेतन जारी करने के बदले 3 हजार रुपये लेते कर्मचारी को EOW ने पकड़ा
नगर निगम में रिश्वतखोरी पर ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







