प्रेम विवाह की कीमत: दामाद के घर पर चला बुलडोजर : पांच महीने बाद दर्ज हुई एफआईआर
ग्वालियर। जिले के घाटीगांव थाना क्षेत्र के घेंघोली गांव में प्रेम विवाह को लेकर उपजा विवाद इतना बढ़ गया कि युवती के पिता ने कथित तौर पर अपने ही दामाद के घर पर बुलडोजर चलवा दिया। इस घटना के बाद से प्रभावित परिवार दहशत में है। करीब पांच महीने तक चुप्पी साधे रहने के बाद पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन मुख्य आरोपी अभी तक गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।
10 अगस्त को हुआ था प्रेम विवाह
जानकारी के अनुसार, घेंघोली गांव निवासी रामलखन गुर्जर ने पिछले वर्ष 10 अगस्त को गांव के ही गिर्राज गुर्जर की बेटी से प्रेम विवाह किया था। बताया जाता है कि युवती के पिता गिर्राज इस रिश्ते से सहमत नहीं थे। शादी के बाद दोनों के घर से चले जाने से परिवार में नाराजगी बढ़ गई।
आरोप है कि इसी विवाद के चलते गिर्राज गुर्जर ने पहले रामलखन के परिजनों के साथ मारपीट की। इसके बाद उनके मकान पर बुलडोजर चलवा दिया गया, जिससे घर के तीन कमरे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के समय गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
दहशत में गांव छोड़ना पड़ा
मकान टूटने और हमले के बाद परिवार खुद को असुरक्षित महसूस करने लगा। अचानक हुई इस कार्रवाई से घबराकर उन्हें गांव छोड़कर अन्य स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। लगभग पांच महीने तक इधर-उधर रहने के बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर अब मामला दर्ज किया गया है।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
प्रकरण में गिर्राज गुर्जर सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, हालांकि वे अब तक पुलिस की पकड़ में नहीं आए हैं। रामलखन के बड़े भाई बनिया गुर्जर का कहना है कि प्रेम विवाह का खामियाजा पूरा परिवार भुगत रहा है और सुरक्षा को लेकर अब भी डर बना हुआ है। रामलखन और उनकी पत्नी फिलहाल गांव से बाहर रह रहे हैं। घाटीगांव थाना प्रभारी पूरन शर्मा ने पुष्टि की कि घर तोड़ने के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।







