सागर : चांदामऊ अग्निकांड पर फूटा हिंदू संगठनों का गुस्सा, प्रशासन का पुतला फूंका
सागर। नरयावली थाना क्षेत्र के ग्राम चांदामऊ में 4 दिसंबर को हुई दर्दनाक आगजनी की घटना को लेकर हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मामले में अब तक ठोस कार्रवाई न होने से नाराज विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल,शिवसेना हिंदू जागरण मंच सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने मंगलवार सुबह 11 बजे म्युनिसिपल स्कूल के सामने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च निकाला गया और पहले राधा तिराहा, फिर भगवानगंज चौराहा पर जिला प्रशासन का पुतला फूंका गया।
गौरतलब है कि चांदामऊ गांव में आगजनी की घटना में दलित परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई है। घायल बच्ची ने गांव के ही वर्ग विशेष के एक युवक पर आग लगाने का आरोप लगाया है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा को संगठन पदाधिकारियों ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अजय दुबे ने कहा कि घटना को लम्बा समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो भोपाल में प्रदेश स्तरीय आंदोलन किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, हिंदू जागरण मंच सहित कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहे। वहीं एडिशनल एसपी ने मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।








