सागर के ग्राम बिजोरा में जमीनी विवाद पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, कटर चले, 7 घायल, 3 गंभीर
सागर/जैसीनगर। जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बिजोरा में गुरुवार शाम जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच लाठी डंडों और कटर से हुये हमले में कुल सात लोग घायल हो गये, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यादव और चौबे परिवार के बीच जमीन की सीमा को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को यादव परिवार बाउंड्री के पिलर खड़े कर रहा था, जिस पर चौबे परिवार ने आपत्ति जताई। इसे लेकर एक दिन पहले भी दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई थी। गुरुवार शाम करीब 6 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये और विवाद ने उग्र रूप ले लिया। देखते ही देखते गाली गलौज मारपीट में बदल गई और लाठी डंडों के साथ कटर से भी हमला किया गया। संघर्ष में यादव पक्ष के पांच लोग घायल हुये हैं, जिनमें एक युवती और एक महिला की हालत गंभीर बताई गई है। वहीं चौबे पक्ष से भी दो लोग घायल हुये हैं। घायलों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने बीच बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और डायल 112 की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसीनगर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलो को जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
सागर के ग्राम बिजोरा में जमीनी विवाद पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, कटर चले, 7 घायल, 3 गंभीर
सागर के ग्राम बिजोरा में ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







