जंगल में चल रहा था ताश का जुआ, पुलिस दबिश में 2 गिरफ्तार, 6 फरार
सागर। थाना प्रभारी बांदरी सुमेर सिंह जगेत को सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र अंतर्गत बांदरी एवं ग्राम आगारसिस रोड के पास जंगल क्षेत्र में कुछ लोग ताश पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी द्वारा हमराह बल के साथ मुखबिर द्वारा बताये गये स्थान पर दबिश दी गई। मौके पर कुछ जुआरी ताश पत्तों से जुआ खेलते हुये पाये गये। पुलिस को देखकर कुल 8 व्यक्ति भागने लगे, जिनमें से 2 आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया, जबकि अन्य 6 आरोपी मौके से फरार हो गये। पकड़े गये आरोपियों से नाम पता पूछने पर उन्होंने अपना नाम अररू उर्फ अरविंद पिता राजेन्द्र पाटकर 23 वर्ष निवासी हनुमान मंदिर के पीछे, बांदरी, सुंदर पिता लच्छू रजक 58 वर्ष निवासी माली का बगीचा बांदरी बताया। फरार आरोपियों के नाम इस प्रकार बताये गये शुभम जैन, निक्की चौरसिया, प्रभु सेन, मनोहर सेन, दशरथ प्रजापति एवं हेमंत लोधी सभी निवासी बांदरी। पूछताछ में सामने आया कि शुभम जैन एवं निक्की चौरसिया द्वारा लोगों को जुआ खिलाकर नाल काटकर पैसे लिये जा रहे थे। मौके से आरोपियों के फड़ से 700 रुपये कब्जे से 1200 रुपये कुल 1900 नगद, 52 ताश के पत्ते एवं 3 मोबाइल फोन जप्त किये गये। आरोपियों का कृत्य धारा 13 जुआ अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय पाये जाने से प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है, फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उक्त कार्यवाही में प्रधान आरक्षक जागेश्वर, जयराम, राजेन्द्र, रामप्रसाद, लोकेंद्र की भूमिका रही।








