भोपाल। मध्यप्रदेश में इन दिनों मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया जारी है। इसी कारण चुनाव आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जब तक यह कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक कलेक्टरों सहित मतदाता सूची से जुड़े किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का तबादला नहीं किया जाएगा।
सरकार को कई जिलों में नए कलेक्टर नियुक्त करने हैं, लेकिन मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख 7 फरवरी तय होने के कारण सभी तबादले इसी के बाद किए जाएंगे।
महिला एवं बाल विकास आयुक्त सहित कई अहम पद रिक्त
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश में महिला एवं बाल विकास आयुक्त सहित कुछ महत्वपूर्ण पद खाली हैं। इन पर जल्द नियुक्तियाँ की जाएँगी क्योंकि यह कार्य मतदाता सूची से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ा नहीं है।
कुछ जिलों में कलेक्टरों का कार्यकाल दो वर्ष से अधिक हो चुका है और यहाँ परिवर्तन प्रस्तावित है। शिवपुरी को भी उन जिलों में शामिल किया गया है जहाँ बदलाव की संभावना सबसे अधिक है।
IAS अफसरों की पदोन्नति जनवरी में, उसके बाद होगी व्यापक पदस्थापना
मंत्रालय सूत्र बताते हैं कि सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने विभागाध्यक्षों के साथ-साथ मैदानी स्तर पर प्रशासनिक जिम्मेदारियों में संभावित बदलाव पर तैयारी शुरू कर दी है।
जनवरी में IAS अधिकारियों की पदोन्नतियाँ तय हैं। पदोन्नति सूची जारी होने के बाद ही बड़े पैमाने पर प्रशासनिक पदस्थापनाएँ की जाएँगी। हालांकि कलेक्टरों और मैदानी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियाँ तभी मिलेंगी जब मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य पूर्ण हो जाएगा।
इस महीने 10–12 अधिकारियों की होगी नई पदस्थापना
मतदाता सूची पुनरीक्षण के बीच भी कुछ तात्कालिक पद खाली हैं जिन्हें प्राथमिकता पर भरा जाना आवश्यक है। सूत्रों के अनुसार, 10 से 12 अधिकारियों की नई पदस्थापनाओं का प्रस्ताव तैयार हो चुका है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन की बैठक के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
दिसंबर में डीपीसी, कई अफसरों को मिलेगा प्रमोशन
इधर, राज्य प्रशासनिक ढांचे में पदोन्नति की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। दिसंबर में विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक आयोजित होगी, जिसमें अपर मुख्य सचिव से लेकर समयमान वेतनमान वाले अधिकारियों के प्रमोशन पर निर्णय लिया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एम. सेलवेंद्रन को प्रमुख सचिव और 2010 बैच के कई अधिकारियों को सचिव पद पर पदोन्नत किया जाना प्रस्तावित है।








