ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुआ ई-रिक्शा, स्कूली बच्चों सहित दुकान में घुसा
खुरई। गुरुकुल रोड पर गुरुवार शाम करीब 5.30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूली बच्चों को ले जा रहा एक ई-रिक्शा अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। हादसा पेट्रोल पंप के ठीक सामने हुआ, जहां ई-रिक्शा ने पहले वहां खड़ी एक बाइक को टक्कर मारी और फिर सीधे दुकान के भीतर पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा स्टेशन चौराहा से गुरुकुल रोड की ओर जा रहा था। पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही वाहन बेकाबू हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि गनीमत रही कि ई-रिक्शा में सवार बच्चे, बाइक चालक और दुकान में मौजूद लोग सभी सुरक्षित रहे।
बाइक चालक देवेंद्र बंसल ने बताया कि उन्होंने अपनी बाइक दुकान के सामने खड़ी की थी और वे पास ही खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे ई-रिक्शा ने बाइक को टक्कर मार दी और दुकान में घुस गया। वहीं, ई-रिक्शा चालक हर्षित अहिरवार का कहना है कि वाहन के ब्रेक अचानक काम करना बंद कर गए थे, जिससे वह रिक्शा पर नियंत्रण नहीं रख सका।
घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। उल्लेखनीय है कि खुरई में हाल के दिनों में ई-रिक्शा से जुड़े हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले नेहरू स्टेडियम के सामने एक ई-रिक्शा की बैटरी में जोरदार विस्फोट हो गया था। उस समय वाहन खाली था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया था।








