खुरई रोड ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार डंपर का कहर, बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
बीना। बुधवार रात खुरई रोड ओवरब्रिज पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार फ्लाई ऐश से भरे डंपर ने बाइक चला रहे युवक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सागर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, वीर सावरकर वार्ड निवासी रामसेवक बुधवार रात अपनी मोटरसाइकिल से एक शादी समारोह में शामिल होने खुरई रोड की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे ओवरब्रिज पर पहुंचे, पीछे से आ रहे एक अज्ञात डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रामसेवक के सिर पर गंभीर चोट आई है। उनकी मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डंपर काफी तेज गति में था और टक्कर मारने के बाद मौके से निकल गया।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि शहर के बीच से दिन-रात भारी वाहनों और फ्लाई ऐश डंपरों का गुजरना लगातार दुर्घटनाओं की वजह बन रहा है। सर्वोदय चौराहा, गांधी चौक और महावीर चौक जैसे व्यस्त इलाकों में इन बड़े वाहनों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। साथ ही राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में रहती है।
गौरतलब है कि शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री को लेकर लंबे समय से मांग उठती रही है। दो दिन पहले ही कांग्रेस ने खुरई ओवरब्रिज पर प्रदर्शन करते हुए दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। बावजूद इसके अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और वे जल्द प्रभावी कदम उठाए जाने की मांग कर रहे हैं।








