अगर समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ साहब,तो होगा चक्का जाम , साई वाटिका कॉलोनी वासियों की चेतावनी
सागर। शहर के राजीव नगर वार्ड 35 की साई वाटिका कॉलोनी के लोग इन दिनों काफी नाराज़ हैं। उनका कहना है कि वो हर साल टैक्स भी भरते हैं। मगर उनके वार्ड की हालत आज भी बद से बदतर बनी हुई है। न तो सड़कों का नामो निशान है। न नालियों की कोई सुध। परेशान कॉलोनी वासियों ने अब साफ चेतावनी दी है अगर 10 दिन में समस्याएं नहीं सुलझीं, तो भोपाल रोड पर चक्का जाम करेंगे।
सुनवाई नहीं सिर्फ आश्वासन मिले
साई वाटिका के रहवासियों का कहना है कि 2016 से लेकर अब तक सैकड़ों बार नगर निगम, कलेक्टर और यहां तक कि सागर विधायक तक से गुहार लगाई, लेकिन नतीजा ‘शून्य’ ही रहा। कॉलोनी की मुख्य सड़क आज भी कच्ची है और अंदर गलियों में गंदगी का आलम बना हुआ है। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे कॉलोनी के दर्जनों महिला-पुरुषों ने एक बार फिर कलेक्ट्रेट पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और अपनी परेशानियों से अवगत कराया।
हम टैक्स भरते हैं, फिर क्यों रह रहे हैं नरक में ?
रहवासियों ने साफ कहा कि उनकी कॉलोनी पूरी तरह से वैध है और नगर निगम को हैंडओवर भी हो चुकी है। करीब 160 परिवार यहां रह रहे हैं। लेकिन कॉलोनी में न सड़क है। न नाली। सबसे बड़ी समस्या यह है कि कॉलोनी का मुख्य एप्रोच रोड भी अब तक नहीं बना। जिससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी होती है। बारिश के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं।
10 दिन का अल्टीमेटम, फिर होगा बड़ा आंदोलन
लोगों ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि अगर 10 दिन के भीतर उनकी समस्याएं नहीं सुलझीं तो वे भोपाल रोड पर बड़ा चक्का जाम करेंगे। कॉलोनी वासियों का कहना है कि वो शहर में रहते हैं। टैक्स भी समय पर भरते हैं। लेकिन सुविधाएं शून्य हैं। वह नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं और अब इंतजार नहीं करेंगे।