दीपावली की रात परिवार पर हमले के विरोध में सड़क पर उतरा कुचबंदिया समाज, गांधी चौक पर किया चक्काजाम
बीना में युवक पर चाकू से हमला करने का आरोप, गंभीर हालत में सागर रेफर; पुलिस की समझाइश के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
सागर/बीना। दीपावली की रात शिवाजी वार्ड के कुचबंदिया मोहल्ले में एक परिवार के साथ हुई मारपीट और हमले की घटना को लेकर सोमवार को कुचबंदिया समाज के लोगों ने विरोध जताया। आक्रोशित लोगों ने गांधी चौक पर एकत्र होकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति संभाली। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि दीपावली की रात कुछ लोगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया था। इस घटना में संजय पिता जग्गा कुचबंदिया (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले बीना सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने सागर रेफर कर दिया।
घायल के परिजनों ने हमले में अंकित यादव, अंशु, रामू, ललित, पट्टल, लखन और इटावा के कुछ अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। परिजन छोटू कुचबंदिया के मुताबिक, आरोपियों ने संजय पर चाकू से हमला किया था।
छोटू कुचबंदिया ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद डायल 112 पर सूचना दी गई, लेकिन पुलिस तत्काल मौके पर नहीं पहुंची। फिलहाल हमले के पीछे की वजह सामने नहीं आई है।
बीना थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घायल के बयान दर्ज करने और दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








