नाबालिग लड़की का अपहरण और दिल्ली में दो महीने तक बंधक बनकर किया दुष्कर्म
नई दिल्ली। बिहार के किशनगंज जिले की एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ गंभीर आपराधिक वारदात सामने आई है। किशोरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि कटिहार जिले के एक युवक ने उसे जबरन अगवा कर दिल्ली ले जाकर दो महीने तक एक अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखा।
बताया गया है कि घटना 5 मई की है, जब वह घर में अकेली थी। उसी समय कटिहार के अजहर टोला निवासी मुशर्रफ नामक युवक उसके घर पहुंचा। लड़की का आरोप है कि मुशर्रफ ने उसे जबरन गाड़ी में बैठाया और रास्ते में नशीला पदार्थ खिलाकर दिल्ली ले गया। होश आने पर उसने खुद को दिल्ली में एक अनजान स्थान पर पाया।
किशोरी ने यह भी बताया कि दिल्ली में उसे लगातार बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। 15 जुलाई को आरोपी उसे वापस किशनगंज लाया और रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गया।
लड़की ने किसी तरह अपने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद वह अपने पिता के साथ किशनगंज सदर थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद पीड़िता और आरोपी पक्ष के बीच बातचीत के प्रयास भी हुए, लेकिन बात नहीं बनी। दिल्ली पुलिस ने भी किशनगंज पुलिस से संपर्क किया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने लड़की को दिल्ली में कहां रखा था और उसने वहां शिकायत क्यों नहीं की।