मां ने तीन बेटियों को जहर दिया, खुद भी की आत्महत्या की कोशिश,तीन मासूमों की मौत
आलीराजपुर जिले के अडवाड़ा गांव के माफीदार फलिया में शुक्रवार शाम एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां एक महिला ने अपनी तीन छोटी बेटियों को कीटनाशक पिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया। इस दर्दनाक घटना में तीनों बच्चियों की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृत बच्चियों की पहचान सावित्री (7), कार्तिका (5) और दिव्या (3) के रूप में हुई है। घटना के समय उनके पिता मुकेश गुजरात में मजदूरी के सिलसिले में गए हुए थे।
अस्पताल ले जाने के बाद बिगड़ी स्थिति
परिवार के लोगों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत सभी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने एक बच्ची को मृत घोषित कर दिया। बाकी दो बच्चियों की हालत लगातार बिगड़ती देख उन्हें तत्काल गुजरात के दाहोद रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार, दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि ऐसा कदम उठाया जा सकता है।
पुलिस ने शुरू की गहन जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे। उनके साथ आम्बुआ थाना प्रभारी मोहन डावर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से विस्तृत पूछताछ की।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना के पीछे क्या कारण रहे। चूंकि मृत बच्चियों के पिता मुकेश उस समय गुजरात में थे, इसलिए उनके वहां होने की स्थिति, पति-पत्नी के संबंध, हाल के दिनों में किसी विवाद या दूसरी शादी जैसी आशंकाओं के पहलुओं पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
2016 में हुई थी शादी
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मुकेश और नूरीबाई का विवाह वर्ष 2016 में हुआ था। मुकेश लगभग एक महीने पहले मजदूरी के लिए गुजरात गया था। बताया जा रहा है कि उसने वहां खेती के लिए जमीन किराए पर ले रखी है।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो








