सागर : ओलावृष्टि से तबाह फसलें, अधिकारियों के न मिलने पर किसानों का आक्रोश, आखिर क्या है मांग ?
सागर। जैसीनगर तहसील क्षेत्र में 27 जनवरी की रात हुई बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा दिया है। प्रभावित किसानों ने शुक्रवार दोपहर 3:00 बजे भारतीय किसान श्रमिक जनशक्ति यूनियन के बैनर तले तहसील कार्यालय का रुख किया। लेकिन तहसीलदार और एसडीएम का अनुपस्थित होना किसानों के लिए निराशाजनक रहा। अधिकारियों के सागर में मीटिंग में होने की जानकारी मिलने के बाद, किसानों ने तहसीलदार के रीडर को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में किसानों ने मांग की है कि ओलावृष्टि प्रभावित गांवों में 15 दिनों के भीतर सर्वे कराकर नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।
भारतीय किसान श्रमिक जनशक्ति यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप सिंह ठाकुर ने बताया कि तहसील क्षेत्र के ग्राम ढकरई, काली पठार, करहद, सेवन ताजपुर, देवलचोरी, महुआखेड़ा, मूड़री और देवलचोरी गांवों में चना, मसूर, गेहूं सहित अन्य रबी फसलें प्रभावित हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सर्वे टीमों का गठन कर जल्द से जल्द सर्वे कर किसानों को फसल का मुआवजा प्रदान किया जाए।








