सागर पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, पत्नी निकली पति की हत्यारिन
सागर: खेत में घायल मिले युवक की मौत के मामले का खुलासा, पारिवारिक विवाद के चलते पत्थर से हमला कर उतारा मौत के घाट
सागर/केसली। थाना केसली पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी को तेजी और सूक्ष्म जांच के जरिए सुलझाते हुए हत्या के मामले में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, वैज्ञानिक जांच और लगातार पूछताछ के आधार पर इस सनसनीखेज मामले का कम समय में खुलासा कर दिया।
जानकारी के अनुसार 7 मई को ग्राम मंगेला निवासी हेमराज गौड़ ने थाना केसली पहुंचकर सूचना दी थी कि उसका भाई संजय उर्फ संजू गौड़ खेत में गंभीर हालत में पड़ा मिला है। उसके सिर पर गहरी चोट थी और काफी खून बह चुका था। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए देवरी अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही केसली पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर प्रारंभिक कार्रवाई शुरू की। बाद में जांच के आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना आगे बढ़ाई गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने जल्द खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए, जिसके बाद थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और एफएसएल के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों, परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर हर पहलू की जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी पर संदेह हुआ। जब उससे गहन पूछताछ की गई तो उसके बयान बार-बार बदलते पाए गए।
इसके बाद पुलिस ने मनोवैज्ञानिक और वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिसमें आरोपिया टूट गई और उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद और तनाव चल रहा था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने खेत में सो रहे अपने पति के सिर पर पास में पड़े नुकीले पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया पत्थर बरामद कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी केसली उपनिरीक्षक माधव सिंह, चौकी प्रभारी टड़ा उपनिरीक्षक ललित प्रताप बेदी, राजेश सिंह, दिनेश सिंह चौहान, सौरभ साइबर सेल, रागिनी तिवारी, रवि, राहुल, खिलान और कन्छेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








