एक दिन में डूबने की दूसरी घटना : गंगा मंदिर तालाब में डूब रही महिला को युवक ने बचाया, बहादुरी की हो रही चर्चा
सागर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा मंदिर के पास रविवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। तालाब में डूब रही महिला को देखकर रैकवार समाज के युवा बाबूलाल रैकवार ने बहादुरी दिखाते हुए उसकी जान बचा ली। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और स्थानीय लोगों ने युवक की जमकर सराहना की।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 4:30 बजे गंगा मंदिर के पास स्थित तालाब में एक महिला अचानक डूबने लगी। महिला को पानी में संघर्ष करता देख थोड़ी दूरी पर मौजूद बाबूलाल रैकवार तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे और बिना देर किए तालाब में उतर गए। उन्होंने महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पूछताछ में महिला ने अपना नाम रश्मि सेन उम्र 34 वर्ष निवासी वेयरहाउस के पास गोपालगंज बताया। महिला ने पुलिस को बताया कि वह तालाब में पूजन सामग्री विसर्जन करने आई थी। इसी दौरान उसे अचानक चक्कर आ गए और वह संतुलन बिगड़ने से पानी में गिर गई।
घटना के बाद महिला काफी घबराई हुई थी। पुलिस उसे अपने साथ कोतवाली थाने ले गई और परिजनों को सूचना दी गई। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते महिला की जान बचाने वाले बाबूलाल रैकवार की बहादुरी और सूझबूझ की जमकर प्रशंसा की।








