डूब क्षेत्र में घिरा गांव, फिर भी सूची से बाहर! सागर के इस गांव के ग्रामीण धरने पर बैठे
सागर। बण्डा सिंचाई परियोजना के अंतर्गत डूब क्षेत्र में आ रही भूमि के साथ ग्राम पिथौली को भी डूब क्षेत्र में शामिल करने की मांग को लेकर मंगलवार दोपहर 1 बजे ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया, लेकिन कलेक्टर से मुलाकात न होने पर वे कलेक्ट्रेट गेट के बाहर धरने पर बैठ गए।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के चारों ओर की भूमि डूब क्षेत्र में आ चुकी है, जिससे उनकी खेती और रोजगार पूरी तरह समाप्त हो गया है। अधिकांश ग्रामीण मजदूर वर्ग से हैं और अब गांव में रोजगार के कोई साधन नहीं बचे हैं। चारों ओर पानी भरने से गांव की सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की कि ग्राम पिथौली को भी डूब क्षेत्र घोषित कर शासन द्वारा पुनर्वास के लिए भूमि उपलब्ध कराई जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शाम 4 बजे तक कलेक्टर ने उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं की तो वे आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे।








