MP में दर्दनाक हादसा : कच्चे मकान में लगी आग ने तीन मासूमों की ले ली जान,घर में अकेले थे बच्चे, आग की लपटों में घिरे
मध्य प्रदेश के सीधी जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक कच्चे मकान में अचानक लगी भीषण आग ने तीन मासूम बच्चों की जिंदगी छीन ली। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा घर उसकी चपेट में आ गया और अंदर मौजूद बच्चे बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सके।
यह हादसा शनिवार दोपहर करीब एक बजे जमोड़ी थाना क्षेत्र के काशीहवा गांव में हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि ग्रामीणों के प्रयास भी बच्चों को नहीं बचा सके।
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान डेढ़ वर्षीय रिधि साकेत, 6 वर्षीय धुम्मू उर्फ संध्या साकेत और 3 वर्षीय एक अन्य बच्चे के रूप में हुई है। तीनों बच्चे जमोड़ी क्षेत्र के काशीहवा गांव के निवासी थे।
गांव के रहने वाले पुष्पराज मिश्रा ने बताया कि घर के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन में अचानक स्पार्किंग हुई थी। बताया जा रहा है कि निकली हुई चिंगारी घर के पास रखे बांस और सूखे सामान पर जा गिरी, जिसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरा कच्चा मकान धधकने लगा।
जानकारी के अनुसार घटना के समय तीनों बच्चे घर के भीतर मौजूद थे। घर बाहर से बंद था, क्योंकि बच्चों की मां राशन लेने के लिए दुकान गई थीं और जाते समय उन्होंने दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। इसी वजह से बच्चे घर के अंदर फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।
बताया गया कि आग लगने की सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक तीनों बच्चों की मौत हो चुकी थी।
बच्चों के पिता रामरतन साकेत ने बताया कि घटना के समय वह मजदूरी के काम पर गए हुए थे। उन्हें उनके सुपरवाइजर का फोन आया, जिसके जरिए घर में आग लगने की जानकारी मिली। उस वक्त उनकी पत्नी राशन लेने गई हुई थीं और बच्चे घर पर अकेले थे।
रामरतन साकेत के अनुसार उनके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। सबसे बड़ी बेटी स्कूल में छुट्टियां होने के कारण अपनी नानी के घर गई हुई थी। दूसरे नंबर की बेटी रिधि कक्षा एक की छात्रा थी। इस हादसे में रिधि समेत तीन मासूमों की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। कलेक्टर विकास मिश्रा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
MP में दर्दनाक हादसा : कच्चे मकान में लगी आग ने तीन मासूमों की ले ली जान,घर में अकेले थे बच्चे, आग की लपटों में घिरे
MP में दर्दनाक हादसा : ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







