सागर : नरेन नदी के पास रेल हादसा: 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत,पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
सागर/खुरई। बीना-कटनी रेलवे लाइन पर नरेन नदी के समीप शुक्रवार सुबह एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव अप रेलवे ट्रैक पर पड़ा था और उसकी हालत बेहद खराब थी। एक पैर गायब होने के कारण पहचान में भी काफी समय लग गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि शहरी थाना क्षेत्र में अप ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही खुरई देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकार शहरी थाना का होने के कारण वहां की पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने मृतक की जेबों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक मोबाइल फोन मिला, लेकिन उसमें सिम कार्ड नहीं था। जेब से आधार कार्ड की एक हालिया फोटोकॉपी, बाइक और दुकान की चाबियां भी बरामद हुईं। जांच आगे बढ़ाने पर मृतक की मोटरसाइकिल नरेन नदी के पुल के पास खड़ी मिली। शव बाइक से करीब 600 मीटर दूर अप ट्रैक पर पाया गया।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। आधार कार्ड की फोटोकॉपी के आधार पर मृतक की पहचान सूरज पिता भैयालाल अहिरवार, उम्र 30 वर्ष, निवासी दुबे बगीचा, शास्त्री वार्ड, खुरई के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पुष्टि सूरज के रूप में की।
मृतक के पिता भैयालाल अहिरवार ने बताया कि सूरज पुरानी गल्ला मंडी के पास ऑनलाइन सेवाओं की दुकान संचालित करता था। गुरुवार सुबह वह घर से भोजन कर दुकान के लिए निकला था। शाम करीब 7 बजे छोटे बेटे से उसकी बातचीत भी हुई थी, जिसमें उसने दुकान बंद कर घर लौटने की बात कही थी। लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, जो बंद मिला। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
शुक्रवार सुबह करीब 11.30 बजे रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान सूरज के रूप में की। पिता ने कहा कि बेटे को किसी तरह की परेशानी नहीं थी, जिससे वह ऐसा कदम उठाता।
खुरई देहात थाने के सहायक उपनिरीक्षक हुकुम सिंह ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। चूंकि घटना शहरी थाना क्षेत्र में हुई है, इसलिए मर्ग डायरी शहरी थाने को भेजी जाएगी और आगे की कार्रवाई वहीं से की जाएगी।
सागर : नरेन नदी के पास रेल हादसा: 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत,पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
सागर : नरेन नदी के ...
[post_dates]

संपादक







