लावारिस पड़े बेरिकेड्स से बढ़ रही परेशानी, जिम्मेदार विभाग बेखबर
तेंदूखेड़ा। नगर एवं आसपास के क्षेत्र में विभिन्न मार्गों पर कई महीनों से बेरिकेड्स लावारिस हालत में पड़े हुए हैं। खकरिया रोड, हाईस्कूल मार्ग तथा 27 मील दमोह मार्ग सहित अनेक सड़कों पर पड़े ये बेरिकेड्स राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा इन्हें हटाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार सड़क किनारे और कई स्थानों पर मार्ग के बीच में पड़े बेरिकेड्स दुर्घटनाओं को खुला निमंत्रण दे रहे हैं। विशेषकर रात के समय वाहन चालकों को इन अवरोधों के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार छोटे-बड़े वाहन चालक असंतुलित होकर दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचे हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह बेरिकेड्स पुलिस विभाग एवं लोक निर्माण विभाग से संबंधित हैं, लेकिन दोनों विभागों में से कोई भी इन्हें हटाने की जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं दिख रहा है। परिणामस्वरूप समस्या लगातार बनी हुई है और आमजन परेशान हो रहे हैं।
नागरिकों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि तेंदूखेड़ा नगर एवं क्षेत्र का कोई धनी-धोरी नहीं है। जनहित से जुड़े ऐसे गंभीर मामलों पर न तो संबंधित विभाग ध्यान दे रहे हैं और न ही जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान के लिए आगे आ रहे हैं। इससे लोगों में प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति असंतोष बढ़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मार्गों पर लावारिस पड़े बेरिकेड्स को तत्काल हटाया जाए तथा संबंधित विभागों की जवाबदेही तय की जाए। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी
इनका कहना–
इस संबंध में जब लोक निर्माण विभाग की एसडीओ मनीषा मोगनिया को फोन लगाया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया








