होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
On:

बारात की बस पलटी: दूल्हे की दादी समेत 3 की मौत, 19 घायल, चालक को झपकी आने से बेकाबू हुई बस 

बारात की बस पलटी: दूल्हे ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

बारात की बस पलटी: दूल्हे की दादी समेत 3 की मौत, 19 घायल, चालक को झपकी आने से बेकाबू हुई बस 

राजगढ़ जिले के ब्यावरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। मुरैना से उज्जैन जा रही तोमर परिवार की बारात काचरी जोड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जब बारातियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दूल्हे की दादी समेत तीन लोगों की जान चली गई, जबकि 19 लोग घायल हुए हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र ट्रेवल्स (मुरैना) की बस क्रमांक एमपी 70 जेडडी 6654 में करीब 60 से 70 लोग सवार थे। सभी लोग रछेड़ गांव से उज्जैन में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे काचरी जोड़ के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे बस नियंत्रण से बाहर हो गई। तेज रफ्तार में बस पहले सड़क किनारे खाई में उतरी, फिर दूसरी लेन में जाकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस करीब 12 मीटर तक उछलते-पलटते आगे बढ़ती रही।

हादसा इतना भीषण था कि बस के अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग सीटों के नीचे दब गए, जबकि कुछ खिड़कियों से बाहर जा गिरे। अंशु उर्फ विष्णु तोमर (25) बस से बाहर गिर गए थे, जबकि अभय तोमर (24) ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। दूल्हे की दादी बिटोली देवी (60) गंभीर रूप से घायल हुईं, उनका पैर शरीर से अलग होकर दूर जा गिरा, जिससे उनकी मौत हो गई।

घायलों में अजय शर्मा (47), आरोही (9), अविका (4), सतीश राजावत (42), कुलदीप तोमर (32), संघमित्रा गहलोत (65), रविता तोमर (38), अर्चना तोमर (29), मन्नू (7), वेदिका (13), दिव्यांश (28), जय (7), ब्रह्मा कुमार (36), मधुराज (20), आकांक्षा सिकरवार (28), आदित्य तोमर (23), सुधा तोमर (35), आर्य (7) और शिवा (23) शामिल हैं। इनमें से कई लोगों को गंभीर हालत में रेफर किया गया है, जिनमें अनीता तोमर (50), सृष्टि (5), शिवम (17), अश्वनी सिंह उर्फ राजा (35), विश्वजीत (38), अमन सिंह (23), शांभवी (3) और ललिता तोमर (45) प्रमुख हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही एडिशनल एसपी केएल बंजारे, थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह धाकड़, देहात थाना प्रभारी प्रवीण जाट समेत प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति का जायजा लिया।

मध्यप्रदेश सरकार के राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार भी सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों से मिलकर उनके उपचार की जानकारी ली। मंत्री ने डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही उन्होंने भोपाल स्तर पर आर्थिक सहायता दिलाने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया।

इस हादसे ने तोमर परिवार की खुशियों को पलभर में छीन लिया। बुधवार रात करीब 10 बजे मुरैना से हंसी-खुशी निकली बारात को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही घंटों में यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल जाएगा। जिस बस में कुछ समय पहले तक गीत-संगीत और हंसी-ठिठोली का माहौल था, वहीं अब चीख-पुकार और सन्नाटा छा गया। परिवार के लोग अब अस्पताल और पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर अपने प्रियजनों की खबर का इंतजार करते नजर आ रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे की मुख्य वजह चालक को आई झपकी रही। बताया जा रहा है कि घटना से करीब दो घंटे पहले गुना के पास ड्राइवर बदला गया था, इसके बावजूद नया चालक भी नींद का शिकार हो गया। इस लापरवाही ने तीन जिंदगियां छीन लीं और कई लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
error: RNVLive Content is protected !!