सागर के खुरई में शराब दुकान खोलने पर भड़की महिलाएं, तोड़फोड़ के बाद बोतलों में लगाई आग
सागर/खुरई। तलैया नाका क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 6:30 बजे उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब शराब दुकान खोलने की कोशिश के खिलाफ स्थानीय महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित महिलाओं ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया, दुकान में तोड़फोड़ की और शराब की पेटियों को बाहर निकालकर उनमें आग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार शिवमूर्ति सरल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालात को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एसडीएम मनोज चौरसिया ने पहले ही लिखित रूप में आश्वासन दिया था कि घनी आबादी वाले इस इलाके में शराब दुकान नहीं खोली जाएगी। साथ ही प्रशासन ने यह भी भरोसा दिलाया था कि 15 दिनों के भीतर दुकान को अन्य स्थान पर शिफ्ट कर दिया जाएगा।
इसके बावजूद शनिवार शाम जब ठेकेदार के कर्मचारी दोबारा दुकान शुरू करने पहुंचे, तो महिलाओं का धैर्य टूट गया और उन्होंने विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया। इससे पहले भी सोमवार को सैकड़ों वार्डवासियों ने तलैया के सामने खाली मैदान में प्रस्तावित दुकान के खिलाफ चक्काजाम कर अपना विरोध जताया था। उस समय तहसीलदार डॉ. राकेश कुमार ने लोगों को समझाकर शांत किया था और भरोसा दिलाया था कि दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाएगा।
शनिवार को दोबारा दुकान खोलने की कोशिश ने लोगों के गुस्से को और भड़का दिया, जिसके बाद क्षेत्र में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना हुई। घटना के बाद पूरे तलैया नाका इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ देर रात तक मौके पर डटे रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने साफ चेतावनी दी है कि वे किसी भी हालत में रिहायशी इलाके में शराब बिक्री शुरू नहीं होने देंगी। फिलहाल प्रशासन हालात को नियंत्रित करने और मामले को शांत करने में जुटा हुआ है।








