सागर। वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध इमारती लकड़ी की बरामदगी के मामले में कार्रवाई करते हुये 52 नग सागौन की लकड़ी जब्त की है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम सुहेला में सर्च वारंट के तहत तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई में परिक्षेत्र मोहली एवं झापन का वन अमला और पुलिस चौकी इमलिया का स्टाफ शामिल रहा। वनमंडल अधिकारी के अनुसार वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व अंतर्गत गेम परिक्षेत्र झापन की बीट सोमखेड़ा से लगे ग्राम सुहेला में सागौन की लकड़ी रखे होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना की पुष्टि एवं आवश्यक कार्रवाई के लिये वनक्षेत्रपाल मनीषा मुकाती के नेतृत्व में परिक्षेत्र मोहली और झापन की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सर्च वारंट के आधार पर सुहेला निवासी भीकम सिंह पिता करण सिंह लोधी के घर पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान संबंधित घर पर ताला लगा मिला। इसके बाद ग्राम सरपंच एवं अन्य ग्रामीणों की उपस्थिति में घर के आसपास तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 52 नग इमारती लकड़ी सागौन बरामद हुई, जिसे वन विभाग की टीम ने जब्त कर लिया। पूरी कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई। इस अभियान में परिक्षेत्र मोहली एवं झापन के वन विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पुलिस चौकी इमलिया का स्टाफ मौजूद रहा। जब्त लकड़ी के संबंध में आगे की वैधानिक प्रक्रिया वन विभाग द्वारा नियमानुसार की जायेगी।
प्रमुख खबरें








