सागर : हाथठेला नहीं मिला तो एसपी दफ्तर के बाहर सजाई सब्जी की दुकान, सागर के दुकानदार का अनोखा विरोध
सागर। गोपालगंज थाना पुलिस द्वारा सब्जी का हाथठेला वापस न दिलाए जाने से आहत एक सब्जी दुकानदार ने सोमवार दोपहर करीब 3 बजे एसपी कार्यालय के बाहर जमीन पर सब्जियां सजा कर विरोध दर्ज कराया। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए, जिसके बाद युवक की फरियाद सुनी गई।
पीड़ित कौशल राठौर, निवासी गुलाब कॉलोनी शिवाजी वार्ड ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि उसने जुलाई 2025 में 6 हजार रुपये में एक हाथठेला खरीदा था। आरोप है कि 16 दिसंबर 2025 को विक्रेता अशोक यादव, उसकी पत्नी और अन्य लोगों ने आकर मारपीट की, सब्जियां फेंक दीं, करीब 2 हजार रुपये नगद और हाथठेला लेकर फरार हो गए।
कौशल का आरोप है कि घटना की सूचना 112 पर देने के बावजूद गोपालगंज थाने में उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई, उल्टा उसे धमकाया गया। कई बार गुहार लगाने के बाद भी न तो एफआईआर हुई और न ही हाथठेला वापस मिला, जिससे उसका परिवार भरण-पोषण के संकट में आ गया।
न्याय न मिलने पर मजबूर होकर पीड़ित ने एसपी कार्यालय पहुंचकर सब्जी बेचते हुए अपनी पीड़ा जाहिर की। मामले में पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज करने और संबंधितों पर कार्रवाई की मांग की गई है।








