सागर : मंदिर निर्माण पर स्टे की अफवाह, वार्डवासी भड़के,परिसर में जुटकर की नारेबाजी, पार्षद ने समझाया तो माने
सागर। शहर के तिलकगंज वार्ड में रविवार सुबह श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर के निर्माण कार्य पर स्टे लगने की अफवाह फैलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में वार्डवासी मंदिर परिसर में एकत्रित हो गये। मंदिर निर्माण को लेकर लोगों के बीच चर्चायें शुरू हो गईं। सूचना मिलने पर विधायक शैलेंद्र जैन, वार्ड पार्षद शैलेश केशरवानी और पुलिस भी मौके पर पहुंची। जनप्रतिनिधियों ने लोगों से चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी ली। हालांकि मौके पर मंदिर निर्माण कार्य पर स्टे लगाये जाने की पुष्टि नही हो सकी। ऐंसे में स्टे की बात को फिलहाल अफवाह बताया गया। जानकारी के अनुसार तिलकगंज वार्ड स्थित श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर करीब 60 साल से अधिक पुराना है। वर्तमान में मंदिर का नये सिरे से भव्य निर्माण कराया जा रहा है। मंदिर के पीछे व्यापारी विजय नीखरा की गोदाम स्थित है। इसी बीच क्षेत्र में चर्चा फैल गई कि मंदिर निर्माण कार्य पर स्टे लगा दिया गया है। इस चर्चा के दौरान व्यापारी विजय नीखरा का नाम भी सामने आने की बात कही गई। इसके बाद मोहल्ले के लोग मंदिर परिसर में पहुंचने लगे और कुछ ही देर में वहां काफी संख्या में लोग जमा हो गये। मंदिर निर्माण कार्य पर स्टे लगने की खबर फैलने के बाद वार्डवासियों के बीच इसको लेकर चर्चा होने लगी। लोगों की भीड़ जुटने की जानकारी मिलने पर वार्ड पार्षद शैलेश केशरवानी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर काफी प्राचीन है और वह स्वयं इसी वार्ड के पार्षद हैं। वार्ड के लोग उनके परिवार की तरह हैं। उन्होंने मंदिर निर्माण को लेकर किसी तरह की विवादित स्थिति होने से इंकार करते हुये कहा कि यदि निर्माण कार्य पर स्टे लगाया गया है, तो उससे संबंधित दस्तावेज सामने आने चाहिये। फिलहाल मौके पर स्टे लगाये जाने की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जानकारी मिलने पर विधायक शैलेंद्र जैन भी मंदिर परिसर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से चर्चा की और मंदिर निर्माण से जुड़ी स्थिति को समझा। विधायक ने कहा कि मंदिर निर्माण को लेकर कुछ शिकायतें आई थी। इन शिकायतों का सभी लोग मिलकर बैठकर निराकरण करेंगे। उन्होंने मंदिर का भव्य निर्माण कराये जाने की बात भी कही। विधायक के इस आश्वासन के बाद मंदिर निर्माण को लेकर सामने आई शिकायतों पर आपसी चर्चा से समाधान निकालने की बात कही गई।
सागर : मंदिर निर्माण पर स्टे की अफवाह, वार्डवासी भड़के,परिसर में जुटकर की नारेबाजी, पार्षद ने समझाया तो माने
सागर : मंदिर निर्माण पर ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







