सागर के तिलकगंज के सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर निर्माण पर स्टे की चर्चा से मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचे विधायक और पार्षद
60-70 साल पुराने मंदिर का कराया जा रहा भव्य निर्माण, विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा- शिकायतों पर बैठकर निकाला जाएगा समाधान
सागर। शहर के तिलकगंज वार्ड में रविवार सुबह श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर के निर्माण कार्य पर रोक लगाए जाने की खबर फैलने से हलचल मच गई। देखते ही देखते मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में वार्डवासी जमा हो गए। सूचना मिलने पर सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, वार्ड पार्षद शैलेश केशरवानी और पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, मंदिर निर्माण पर स्टे लगाए जाने की पुष्टि नहीं हुई और मौके पर इस संबंध में फैली चर्चा को अफवाह बताया गया।
जानकारी के मुताबिक, तिलकगंज वार्ड में स्थित श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर करीब 60 से 70 साल पुराना है। इन दिनों मंदिर का नए सिरे से भव्य निर्माण कराया जा रहा है। मंदिर के पीछे व्यापारी विजय नीखरा का गोदाम स्थित है। इसी बीच रविवार सुबह करीब 10 बजे मंदिर निर्माण कार्य पर स्टे लगने की चर्चा शुरू हो गई। इस मामले में व्यापारी विजय नीखरा का नाम भी सामने आने की बात कही गई, जिसके बाद आसपास के रहवासी बड़ी संख्या में मंदिर परिसर पहुंच गए।
लोगों की भीड़ जुटने के बाद जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। वार्ड पार्षद शैलेश केशरवानी ने कहा कि श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर काफी पुराना है और वह स्वयं इसी वार्ड के पार्षद हैं। उन्होंने वार्डवासियों को अपना परिवार बताते हुए कहा कि मंदिर निर्माण को लेकर किसी तरह की विवादित स्थिति नहीं है। यदि निर्माण कार्य पर रोक लगाने संबंधी कोई आदेश जारी हुआ है, तो उसके दस्तावेज सामने आने चाहिए। फिलहाल, स्टे लगाए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि मंदिर निर्माण को लेकर कुछ शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों पर सभी संबंधित लोग आपस में बैठकर चर्चा करेंगे और उनका निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर का भव्य निर्माण कराया जाएगा।








