सागर–सिलवानी स्टेट हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से नीलगाय घायल, वन विभाग ने कराया उपचार
सागर। सागर–सिलवानी स्टेट हाईवे-15 पर जैसीनगर स्थित नवीन शासकीय कॉलेज भवन के पास मंगलवार तड़के सुबह एक अज्ञात वाहन की टक्कर से नर नीलगाय गंभीर रूप से घायल हो गया घटना के बाद घायल नीलगाय सड़क किनारे पडा रहा। आसपास मौजूद स्थानीय किसानों ने सतर्कता दिखाते हुए नीलगाय को आवारा कुत्तों से बचाया और वन विभाग को सूचना दी।
सुबह करीब 10 बजे सूचना मिलने पर जैसीनगर वन चौकी से डिप्टी रेंजर शशिकांत गोस्वामी अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही जैसीनगर पशु चिकित्सालय से चिकित्सकों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और घायल नीलगाय का प्राथमिक उपचार किया गया।
असिस्टेंट वेटरनरी फील्ड ऑफिसर चेतन वसोनियां ने बताया कि नीलगाय के आगे और पीछे के पैरों में और पेट की रीड की हड्डी म चोट आई है, जिसके कारण वह खडा नहीं हो पा रहा है। प्राथमिक जांच में फ्रैक्चर की आशंका जताई गई है। बेहतर इलाज के लिए घायल नीलगाय को सागर रेफर किया गया है।
डिप्टी रेंजर शशिकांत गोस्वामी ने बताया कि घायल नीलगाय लगभग दो वर्ष का नर है, जो अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुआ है। वन विभाग की निगरानी में उसका उपचार कराया जा रहा है।
वन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वन्य जीवों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।








