सागर : रिकॉर्ड मतदान के बीच सर्राफा चुनाव सम्पन्न, गोविंद जड़िया लगातार पाँचवीं बार अध्यक्ष बने
सागर। जिला स्तरीय सर्राफा एसोसिएशन के गठन के लिए मंगलवार को बड़ा बाजार स्थित जैन धर्मशाला में शांतिपूर्ण व पारदर्शी मतदान संपन्न हुआ। कुल 2992 पंजीकृत मतदाताओं में से 2428 ने मतदान किया, जिससे लगभग 81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
शाम 7 बजे शुरू हुई मतगणना के बाद रात 9 बजे परिणाम घोषित हुए। अध्यक्ष पद के त्रिकोणीय मुकाबले में गोविंद जड़िया ने 1329 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कमलेश सोनी को 343 मतों से पराजित किया। संजय पंडा को 50 मत मिले गोविंद जड़िया लगातार पांचवीं बार अध्यक्ष चुने गए।
मंत्री पद पर महेश सोनी ने 1638 मतों के साथ विजय हासिल की, जबकि अतुल गुड्डू सोनी को 667 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर पहली बार मैदान में उतरे बृजेश सोनी ने 1184 मत प्राप्त कर विनीत नेपाली को 76 मतों से हराया।
परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों को बधाइयों का सिलसिला शुरू हुआ और जुलूस निकाला गया। अध्यक्ष बनने के बाद गोविंद जड़िया ने खुरई रोड पर सर्राफा व्यापारियों के लिए प्रस्तावित दो एकड़ भूमि पर करीब दो करोड़ रुपये की लागत से मार्केट निर्माण शीघ्र शुरू कराने तथा व्यापारियों के हित में नई योजनाएं लाने की बात कही।








