सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप से खैर की अवैध लकड़ी जब्त, दो आरोपी पकड़े
सागर। बंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खैर की लकड़ी से भरा एक पिकअप वाहन जब्त किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन सहित वन विभाग के सुपुर्द किया है।
थाना बंडा में पदस्थ प्रआर 260 भोलानाथ यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक UP95 AT 2375 में अवैध रूप से माल ले जाया जा रहा है। सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने कांटी रोड पर घेराबंदी कर वाहन को रोका। जांच के दौरान पिकअप में बिना किसी वैध दस्तावेज के खैर की लकड़ी भरी पाई गई।
वाहन चालक गौरीशंकर उर्फ गौरव लोधी (22 वर्ष) एवं देवेंद्र सिंह ठाकुर (24 वर्ष) दोनों निवासी पपऊनी, थाना बल्देवगढ़, जिला टीकमगढ़ को विधिवत अभिरक्षा में लेकर थाना लाया गया। अग्रिम कार्रवाई के लिए पिकअप वाहन व आरोपियों को वन विभाग बंडा के सुपुर्द कर दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर विकास सहवाल के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उइके एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बंडा प्रदीप बाल्मीकि के मार्गदर्शन में की गई।








